कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज से तीन दिवसीय दौरे पर केरल पहुंचे। इस दौरन उन्होंने वायनाड के मनंथवडी में महात्मा गांधी की प्रतिमा का अनावरण किया और बापू की शिक्षाओं को याद किया। प्रतिमा का अनावरण करने के बाद राहुल ने कहा कि जब हम इस प्रतिमा को देखते हैं तो हमें सिर्फ गांधी जी याद नहीं आते, बल्कि हम उनके कार्य और उन्होंने जिस तरह से जीवन जिया, उसे भी याद करते हैं।

बापू की शिक्षाओं का हवाला देते हुए राहुल ने कहा कि राष्ट्रपिता के बारे में सबसे सशक्त बात यह है कि उन्होंने जो बोला, वह उनके कार्यों में भी दिखा। राहुल गांधी के अनुसार, ‘‘अगर महात्मा गांधी ने कहा कि भारत को सहिष्णु देश होना चाहिए तो उन्होंने सहिष्णु तरीके से व्यवहार किया। अगर उन्होंने कहा कि भारत को महिलाओं के साथ सम्मान के साथ व्यवहार करना चाहिए तो उन्होंने महिलाओं के साथ आदर का व्यवहार किया। अगर गांधी जी ने कहा कि भारत एक धर्मनिरपेक्ष देश होना चाहिए तो उन्होंने धर्मनिरपेक्ष तरीके से व्यवहार किया।’’

वह सोमवार सुबह कोझिकोड पहुंचे और साझा विधि प्रवेश परीक्षा (क्लैट) में सफलता हासिल करने वाले आदिवासी छात्र-छात्राओं के साथ दोपहर का खाना खाया। उन्होंने इनके साथ दोपहर का भोजन करने की तस्वीर साझा करते हुए फेसबुक पोस्ट में कहा, ‘‘ये बहुत ही प्रतिभावान नौजवान हैं…उनकी आशा और अकांक्षाओं की हर कीमत पर रक्षा होनी चाहिए। एक राष्ट्र के तौर पर उनके प्रति यह हमारी जिम्मेदारी है।’’

बता दें राहुल गांधी 17 अगस्त यानी मंगलवार को कलपेट्टा जिला कलेक्टर से मिलेंगे और उसके बाद करासेरी पंचायत किसान दिवस कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। इस दौरान राहुल गांधी वायनाड के लोगों से भी मुलाकात करेंगे। वह दो पेयजल परियोजनाओं का उद्घाटन भी करेंगे। इसके अलावा भी अन्य कार्यक्रमों में शामिल होंगे।


Download Android App
Download iOS App



