लोकसभा चुनाव 2024 में होने हैं, ऐसे में बीजेपी और कांग्रेस अपना पूरा दमखम लगा रही है। जहां कांग्रेस अभी से आगामी लोकसभा चुनाव के लिए चुनावी रणनीति बनाने में जुट गई है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी पार्टी की तैयारियों का जायजा लेने के लिए विभिन्न राज्यों के पार्टी नेताओं के साथ अलग-अलग से बैठक कर रहे हैं। इसकी कड़ी में आज दोनों वरिष्ठ नेता कर्नाटक कांग्रेस के नेताओं के साथ दिल्ली में बैठक करेंगे।
डीके शिवकुमार समेत राज्य के अन्य वरिष्ठ नेता बैठक में मौजूद रहेंगे
कांग्रेस महासचिव संगठन केसी वेणुगोपाल, कांग्रेस महासचिव और कर्नाटक मामलों के पार्टी प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला, कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया, उपमुख्यमंत्री और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष डीके शिवकुमार समेत राज्य के अन्य वरिष्ठ नेता बैठक में मौजूद रहेंगे। बता दें, 10 मई को हुए विधानसभा चुनावों में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी बनकर सामने आई थी। 224 सदस्यीय कर्नाटक विधानसभा में कांग्रेस ने 135 सीटें हासिल की। वहीं भाजपा 66 सीटें ही जीत सकी। उम्मीद है कि 10 अगस्त से पहले पीएम मोदी भी एनडीए समूहों के साथ बैठक कर सकते हैं। एनडीए 2024 के लोकसभा चुनावों के लिए अपनी तैयारी कर रहा है।
एनडीए सांसदों के दस समूह
भाजपा सूत्रों की मानें तो मंगलवार को दिल्ली में एक बैठक आयोजित की गई। 2024 आम चुनाव के कार्यक्रमों पर विचार-विमर्श करने के लिए भाजपा आलाकमान ने एनडीए सांसदों के दस समूह बनाए हैं। पीएम मोदी प्रत्येक समूह की बैठक की अध्यक्षता कर सकते हैं। पहले दिन की बैठक में यूपी, बंगाल, झारखंड और ओडिशा के सांसद शामिल होंगे। सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय मंत्री अमित शाह, नितिन गडकरी, राजनाथ सिंह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा को एनडीए नेताओं के साथ समन्वय की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा, भूपेंद्र यादव, सर्बानंद सोनोवाल, तरूण चुघ और ऋतुराज को एनडीए कार्यक्रमों की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, प्रल्हाद पटेल, अर्जुन राम मेघवाल और वी. मुरलीधरन सहित चार नेताओं को उनके साथ समन्वय की जिम्मेदारी दी गई है।


Download Android App
Download iOS App



