भोपाल : मालवा-निमाड़ सहित पूरे प्रदेश में सोमवार से एक बार फिर शुरू हुआ बारिश का दौर मंगलवार को भी जारी है। मौसम विभाग ने नया अलर्ट जारी किया है। मध्यप्रदेश के 35 जिलों पर भारी बारिश का खतरा बताया गया है। भोपाल में पिछले 24 घंटे में हुई 153.9 मिमी बारिश से कई क्षेत्रों में घरों में पानी घुस गया है। तेज बारिश से भोपाल में दो मकान ढह गए। इसमें 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक बच्चा नाले में भी बह गया। तेज बारिश के बाद वेस नदी के उफान पर आने से विदिशा-अशोकनगर और गुना जिले का सड़क संपर्क टूट गया है। खरगोन में तेज बारिश के बाद स्कूलों में घुट्टी घोषित कर दी गई। इंदौर में एक घंटे की तेज बारिश से चौराहे लबालब हो गए। नदी नाले उफान पर हैं।
ये 35 जिलों में है भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने ग्वालियर, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, श्योपुरकलां, भिंड, मुरैना, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, मंडला, बालाघाट, सिवनी, छिंदवाड़ा, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, दमोह, सागर, विदिशा, रायसेन, भोपाल, नीमच, मंदसौर, रतलाम और झाबुआ में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं जबलपुर, सागर, रीवा, शहडोल, ग्वालियर और चंबल संभाग के कुछ जिलों में रिमझिम बारिश होने के साथ ही नीमच, मंदसौर, रतलाम, झाबुआ, बड़वानी, अलीराजपुर, उज्जैन एंव धार जिले में अनेक स्थान पर बारिश होने की संभावना है।


Download Android App
Download iOS App



