बॉलीवुड अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर अपनी नई राजनीतिक पारी की शुरुआत करते हुए शिवसेना का दामन थाम लिया। महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस नेता राजेंद्र दर्डा ने इसे पार्टी के लिए नुकसानदायक बताया है। उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस को आत्मावलोकन करने की जरूरत है।
दर्डा ने मंगलवार शाम ट्वीट किया, ‘‘आत्मविश्वास से भरी एक जुझारू अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर का शिवसेना में शामिल होना, यकीनन कांग्रेस का नुकसान है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मराठी से अच्छी तरह वाकिफ, यकीनन वह शिवसेना के लिए बहुमूल्य साबित होंगी। कांग्रेस को आत्मावलोकन करने की जरूरत है।’’
अभिनय की दुनिया से राजनीति में आई मातोंडकर ने 2019 में कांग्रेस की टिकट पर ‘नॉर्थ मुंबई’ से लोकसभा चुनाव लड़ा था, जिसमें उन्हें बीजेपी उम्मीदवार से मात मिली थी। लोकसभा चुनाव में हार के करीब पांच महीने बाद सितंबर 2019 में मातोंडकर ने कांग्रेस से अपना नाता तोड़ लिया था।
मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की मौजूगी में मुंबई उपनगर बांद्रा स्थित उनके निवास ‘मातोश्री’ में मंगलवार को वह शिवसेना में शामिल हुईं। शिवसेना के सूत्रों ने बताया कि राज्यपाल के कोटे से विधान परिषद का सदस्य बनाने के लिए पार्टी ने मातोंडकर का नाम राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी को भेजा है।


Download Android App
Download iOS App



