राजीव गांधी हत्याकांड में उम्र कैद की सजा काट रहे ए जी पेरारीवलन की पेरोल की मांग करने वाली अपील पर सुप्रीम कोर्ट तीन हफ्ते बाद सुनवाई करेगा। न्यायमूर्ति विनीत सरण और न्यायमूर्ति दिनेश माहेश्वरी की अवकाश पीठ ने इस तथ्य पर संज्ञान लिया कि पेरारीवलन के वकील ने मामले की सुनवाई स्थगित करने की मांग वाला पत्र वितरित किया है।
पीठ ने अपने आदेश में कहा ‘‘(सुनवाई स्थगित करने के लिए) एक पत्र है। इस मामले को तीन सप्ताह बाद एक समुचित पीठ के समक्ष सूचीबद्ध करें।’’ पिछले साल 23 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट ने चिकित्सा संबंधी जांच के लिए पेरारीवलन की पेरोल अवधि एक सप्ताह बढ़ाते हुए तमिलनाडु सरकार को आदेश दिया था कि जब वह डॉक्टर के पास जांच के लिए अस्पताल जाए तो पुलिस उसके साथ हो।
इस सुनवाई में याचिकाकर्ता की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता गोपाल शंकर नारायणन ने कहा था कि हाई कोर्ट ने नौ से 23 नवंबर 2020 तक उसकी पेरोल की अवधि बढ़ाई थी लेकिन पुलिस सुरक्षा नहीं होने की वजह से वह डाक्टर से मिलने नहीं जा सका।


Download Android App
Download iOS App



