महाराष्ट्र में चल रही सियासी आंधी पर रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (RPI) के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने बड़ा बयान दिया है। एनसीपी प्रमुख शरद पवार के आरोपों पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि महाराष्ट्र सरकार अपने कारनामों से खुद ही गिर जाएगी और उसके बाद हम वहां सरकार बनाएंगे।
शरद पवार ने रविवार को गृह मंत्री अनिल देशमुख के खिलाफ मुंबई के पूर्व पुलिस प्रमुख परमबीर सिंह द्वारा लगाए गए आरोपों को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। जिसमें उन्होंने कहा था महाराष्ट्र में शिवसेना-राकांपा-कांग्रेस सरकार को अस्थिर करने के प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन वे सफल नहीं होंगे।
‘लेटर बम’ : परमबीर सिंह के दावों पर नवाब मलिक ने उठाए सवाल, बोले- पद से हटने के बाद आरोप क्यों?
पवार के इन आरोपों पर केंद्रीय मंत्री अठावले ने सोमवार अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, हमें महाराष्ट्र सरकार को गिराने की ज़रूरत नहीं है। इतने आरोप-प्रत्यरोप और इतने मामले सामने आ रहे हैं कि महाराष्ट्र सरकार अपने कारनामों से खुद ही गिर जाएगी और उसके बाद हम वहां सरकार बनाएंगे।
बता दें कि मुंबई के पूर्व पुलिस प्रमुख परमबीर सिंह ने दावा किया है कि महाराष्ट्र के गृह मंत्री देशमुख चाहते थे कि पुलिस अधिकारी बार एवं होटलों से प्रति महीने 100 करोड़ रुपये की वसूली करें। उनके इस आरोप के बाद बीजेपी महाराष्ट्र सरकार पर हमलावर होते हुए गृहमंत्री अनिल देशमुख के इस्तीफे की मांग पर अड़ी है। वहीं महाराष्ट्र सरकार बीजेपी के इस विरोध को सरकार को अस्थिर करने की राजनीति बता रही है।


Download Android App
Download iOS App



