महाराष्ट्र में बीते 24 घंटों में रिकॉर्ड 3041 नए मामले, कुल कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा पहुंचा 50,231

Summary :

महाराष्ट्र में रविवार को कोविड-19 के 3041 नये मामले सामने आने के बाद राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या 50,231 हो गई है। एक स्वास्थ्य अधिकारी ने यह जानकारी दी है।

कोरोना वायरस (कोविड-19) का कहर भारत में लगातार फैल रहा है। वैश्विक महामारी कोरोना की चपेट में आने वाले मरीजों की संख्या में तेजी से इजाफा हो रहा है। इस खतरनाक वायरस से देश में संक्रमितों और मृतकों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। महाराष्ट्र इस वायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्यों में से एक है और आये दिन यहाँ कोरोना मीटर नया रिकॉर्ड बना रहा है। महाराष्ट्र में रविवार को कोविड-19 के 3041 नये मामले सामने आने के बाद राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या 50,231 हो गई है। एक स्वास्थ्य अधिकारी ने यह जानकारी दी है। 
राज्य में नए मामलों की यह संख्या किसी एक दिन का उच्चतम स्तर है। अधिकारी ने बताया कि महामारी के कारण 58 और लोगों की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 1635 हो गई है। उन्होंने बताया कि यह लगातार आठवां दिन है जब राज्य में कोरोना वायरस के 2,000 से अधिक नये मामले सामने आये है। महाराष्ट्र में अब तक 14,600 लोगों को स्वस्थ होने के बाद अस्पतालों से छुट्टी दी जा चुकी है जबकि अभी 33,988 मरीजों का इलाज चल रहा है। राज्य में कोरोना वायरस के लिए अब तक 3,62,862 लोगों की जांच की गई है। 
वहीं, रविवार को स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी किए गए आंकड़े के अनुसार भारत में कोरोना वायरस से संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1 लाख 31 हजार 868 तक पहुंच गई है वहीं अब तक इस वायरस से 3867 लोगों की मौत हो चुकी है। देश में पिछले 24 घंटों के दौरान 6767 नए मामले सामने आने के साथ ही संक्रमितों की संख्या 1 लाख 32  हजार के करीब हो गया है। इस दौरान कोरोना संक्रमण के कारण 147 लोगों की मौत होने से मृतकों का आंकड़ा 3867 हो चुका है। रविवार को जारी किया गया यह आंकड़ा अब तक के संक्रमितों की संख्या में सबसे बड़ी उछाल है।
मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़े के अनुसार कोरोना संक्रमितों और मृतकों की संख्या में पिछले कुछ समय से लगातार बढ़ोतरी हो रही है और हर दिन रिकॉर्ड तोड़ आंकड़े आ रहे है। शनिवार की तुलना में रविवार को संक्रमितों और मृतकों की संख्या में बढ़ोतरी सामने आयी है। हालांकि स्वास्थ्य मंत्रालय  द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक कोरोना से संक्रमित लोगों के स्वस्थ होने की रफ्तार भी तेज हुई है 1,31,868 मामलों में 73,560 कोरोना के सक्रिय केस हैं और 54,440 ऐसे मरीज हैं जिन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई है।

Ujjwal Jain