‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के तहत अंबिकापुर रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास, यात्रियों ने की तारीफ

Summary :

अमृत भारत योजना से अंबिकापुर स्टेशन का आधुनिक पुनर्विकास

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत अंबिकापुर रेलवे स्टेशन का आधुनिक रूप में पुनर्विकास किया गया, जिससे स्थानीय नागरिकों ने सरकार की प्रशंसा की। प्रधानमंत्री मोदी ने वर्चुअल माध्यम से स्टेशन का लोकार्पण किया। स्टेशन अब एयरपोर्ट जैसा दिखता है, जिसमें सफाई और आधुनिक सुविधाएं हैं।

‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के तहत देश भर के 103 रेलवे स्टेशनों का सौंदर्यीकरण और आधुनिकीकरण किया गया, जिसमें सरगुजा का अंबिकापुर रेलवे स्टेशन का नाम भी शामिल है। स्थानीय नागरिकों ने इस कार्य के लिए सरकार की प्रशंसा की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से गुरुवार को अंबिकापुर रेलवे स्टेशन का लोकार्पण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सहित तमाम मंत्री और विधायक मौजूद रहे।

‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के तहत अंबिकापुर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास में करोड़ों रुपए खर्च किए गए, जिसके बाद से अंबिकापुर रेलवे स्टेशन पूरी तरह से बदल चुका है। यह एक आधुनिक एयरपोर्ट जैसा नजर आ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले यह स्टेशन बेहद साधारण था, लेकिन अब यहां चारों ओर सफाई नजर आती है। स्टेशन की बनावट अत्याधुनिक हो गई है। स्टेशन में बने सीताबेंगरा गुफा और तिरंगा झंडा यहां पर आने वाले यात्रियों को आकर्षित कर रहे हैं।

एक स्थानीय निवासी कृष्ण पाल ने बताया, “पहले स्टेशन पर अच्छी व्यवस्था नहीं थी, लेकिन अब सब ठीक है। यहां पर विकास हुआ है। सभी चीजों की सुविधा मुहैया कराई गई है।”

एक महिला यात्री ने रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास के लिए पीएम मोदी का आभार जताया। उन्होंने कहा, “पूरी अंबिकापुर और छत्तीसगढ़ की जनता की ओर से सरकार को धन्यवाद करना चाहती हूं। यहां पर आने-जाने के साथ ही पार्किंग की उचित व्यवस्था की गई है। रेलवे स्टेशन को एयरपोर्ट जैसा डेवलप किया गया है। दिव्यांगजनों के लिए रैंप बनाया गया है।”

पुरम सिंह टेकाम ने कहा, “पहले रेलवे स्टेशन खंडहर प्रतीत होता था, लेकिन अब नवनिर्मित पार्किंग व्यवस्था की सुविधा हो गई है। स्टेशन पर टिकट काउंटर की उचित व्यवस्था की गई है। आज पर्यटन स्थल की तरह हमारा अंबिकापुर रेलवे स्टेशन हो गया है।”

लोकार्पण कार्यक्रम में पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बताया कि छत्तीसगढ़ के 5 रेलवे स्टेशन को ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ में शामिल किया गया है। इसके लिए पीएम मोदी को धन्यवाद।

अमृत भारत स्टेशन योजना : इंसान नहीं, रोबोट करेंगे अनाउंसमेंट! पीरपैंती बना स्मार्ट ट्रैवल हब

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.