महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार को कहा कि कोविड-19 की वजह से पुणे में लगी पाबंदियों में ढील दी जानी चाहिए क्योंकि इससे कारोबार और वाणिज्यिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। उल्लेखनीय है कि शहर का कारोबारी समुदाय और यहां तक कि शॉपिंग मॉल में काम करने वाले कर्मचारी दुकानों और प्रतिष्ठानों को शाम चार बजे के बजाय रात आठ बजे तक खोलने की अनुमति देने की मांग कर रहे हैं।
पुणे के दौरे पर आए विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष फडणवीस ने कहा, ‘‘उन शहरों में सख्त पाबंदी होनी चाहिए जहां पर संक्रमण दर पांच प्रतिशत से अधिक है। लेकिन पिछले एक महीने से पुणे में संक्रमण दर पांच प्रतिशत से कम है। राज्य सरकार को पाबंदियों में ढील देनी चाहिए क्योंकि कारोबार पहले ही नुकसान में जा रहा है।’’
शहर में मेट्रो निर्माण कार्य का मुआयना करने के बाद उन्होंने कहा कि 60 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। फडणवीस ने कहा, ‘‘सुरंग खोदने की मशीन मेट्रो परियोजना के अहम हिस्से में काम कर रही है…. पुणे मेट्रो ने तीन सुरंग खुदाई का काम लगभग शत प्रतिशत पूरा कर लिया गया है।
मुझे उम्मीद है कि काम समय से पूरा होगा।’’ उप मुख्यमंत्री अजित पवार द्वारा मेट्रो के कोथरुड गलियारे पर ट्रेनों के प्रायोगिक परिचालन को हरी झंडी दिखाने के मुद्दे पर फडणवीस ने कहा कि उन्हें इसपर कोई आपत्ति नहीं है क्योंकि पवार उप मुख्यमंत्री और पुणे के प्रभारी मंत्री हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन मुझे उम्मीद है कि पुणे मेट्रो का उद्घाटन प्राधनमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों होगा। मुझे भरोसा है कि पवार मुझसे से सहमत होंगे।’’ पुणे नगर निगम (पीएमसी) ने नियो मेट्रो परियोजना का भी प्रस्ताव किया है। इस बारे में फडणवीस ने कहा,‘‘ हमें इस परियोजना के लिए 80 प्रतिशत वित्तपोषण केंद्र सरकार से मिल सकता है।
पीएमसी को राज्य सरकार को प्रस्ताव भेजना चाहिए… हम केंद्र से कोष प्राप्त कर सकते हैं।’’ महाराष्ट्र इकाई के भाजपा अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल को उनके पद से हटाने की आई खबरों के बारे में जब पूछा गया तो फडणवीस ने कहा कि ये अधारहीन अफवाह है और पार्टी उनके काम से खुश है।


Download Android App
Download iOS App



