रुद्रपुर : जिलाधिकारी डा. नीरज खैरवाल एवं एसएसपी कृष्ण कुमार वीके ने इंस्टीट्यूट ऑफ ट्रेफिक एज्यूकेशन के डायरेक्टर डा. रोहित वलूजा के साथ महानगर के चौराहों का निरीक्षण करके ट्रैफिक प्लान में सुधार लाने की गुंजाइश तलाशी। गौरतलब है कि आईआरटीई दिल्ली के डायरेक्टर एसएसपी कृष्ण कुमार वीके के निमंत्रण पर यहां पहुंचे हैं।
उन्होंने पुलिस को दो दिवसीय ट्रेफिक सुधार के लिए प्रशिक्षण दिया। रविवार को जिलाधिकारी श्री खैरवाल, एसएसपी कृष्ण कुमार वीके एवं डा. वलूजा ने संयुक्त रूप से महानगर के चौराहों का निरीक्षण किया। डा. वलूजा ने अफसरों को बताया कि किस तरह वह यातायात व्यवस्था को नियंत्रित कर सकते हैं, ताकि न तो हादसा हो और न ही जाम लगने पाए।
उन्होंने इंदिरा चौक, दीनदयाल चौक, श्यामा प्रसाद मुखर्जी चौक, अग्रसेन चौक व विशाल मेगा मार्ट के समीप स्थित परशुराम चौक का निरीक्षण किया। डा. वलूजा ने बताया कि चौराहों पर यातायात नियंत्रित करने के लिए किस तरह की कार्य योजना बनाई जाए। उन्होंने कहीं पाइप लाइन हटाने को कहा तो कहीं अतिक्रमण हटाने का सुझाव दिया।
चौराहों पर सफेद पट्टी डलवाने को कहा गया, ताकि रेड लाइट होने पर वाहन सफेद पट्टी से आगे न बढ़ सकें। गलत दिशा में चलने वाले एवं वाहन चलाते वक्त मोबाइल पर बात करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए एक्शन प्लान तैयार किया गया। इस दौरान नगर आयुक्त जयभारत सिंह, एसडीएम युक्ता मिश्रा, सीओ स्वतंत्र कुमार सिंह, सीपीयू प्रभारी हिमांशु पंत, ट्रेफिक निरीक्षक मनीष शर्मा आदि मौजूद थे। ट्रेफिक प्लान में सुधार लाने की गुंजाइश तलाशी।


Download Android App
Download iOS App



