महानगर के एक भाजपा विधायक ने शनिवार को मांग की कि स्कूल फीस में 50 प्रतिशत की कटौती की जाए क्योंकि कोरोना वायरस संबंधी महामारी और इससे निपटने के लिए लगाए गए लॉकडाउन के कारण अनेक विद्यार्थियों के अभिभावकों को अपनी नौकरी खोनी पड़ी है।
महानगर के कांदिवली (पूर्व) से विधायक और बीएमसी चुनाव के लिए भाजपा प्रभारी अतुल भातखलकर ने कहा कि राज्य की शिक्षा मंत्री वर्षा गायकवाड़ को फीस में कटौती किए जाने के संबंध में पहल करनी चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘लॉकडाउन में अनेक लोगों को अपनी नौकरी गंवानी पड़ी है।
यदि उनकी मांग नहीं मानी गई तो भाजपा सड़कों पर उतरेगी।’’ भाजपा विधायक ने कहा, ‘‘मुझे आश्चर्य है कि वर्षा गायकवाड़ ने राज्य के कुछ स्कूलों द्वारा फीस वृद्धि संबंधी अभिभावकों की शिकायतों को देखने वाली समिति को अपना काम करने से क्यों रोक रखा है।
गायकवाड़ को समिति को अपना काम पूरा करने की अनुमति देनी चाहिए थी।’’ उन्होंने आरोप लगाया कि गायकवाड़ ने ‘‘उन कुछ अभिभावक संघों की छवि खराब करने की कोशिश की, जो फीस में कमी की मांग कर रहे हैं।’’ विधायक ने पूछा कि गायकवाड़ को मंत्री के रूप में, ‘‘छात्रों के हितों की रक्षा करनी चाहिए या स्कूल प्रबंधन की।’’


Download Android App
Download iOS App



