गुजरात सरकार ने 2 सितंबर से राज्य में स्कूलों को फिर से खोलने का फैसला किया है। गुजरात के शिक्षा मंत्री भूपेंद्र सिंह चुडास्मा ने बताया कि राज्य भर में कक्षा 6वीं से 8वीं के लिए ऑफलाइन कक्षाएं अगले सप्ताह से शुरू होंगी। भूपेंद्र ने गांधीनगर में संवाददाताओं से कहा कि छठी कक्षा से आठवीं तक के लिए स्कूलों को फिर से खोलने का निर्णय मुख्यमंत्री विजय रुपाणी ने एक कैबिनेट बैठक में लिया।
मंत्री ने कहा कि हालांकि राज्य के स्कूलों को अपने परिसर से कक्षाएं फिर से शुरू करने की अनुमति दी गई है, लेकिन इन कक्षाओं के लिए ऑनलाइन व्यवस्था भी जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि राज्य में इस समय छठी से आठवीं कक्षा में करीब 32 लाख छात्र पढ़ रहे हैं। शिक्षा मंत्री ने पहले कहा था कि कक्षा 6 से 8 तक के स्कूलों को फिर से खोलने पर फैसला 15 अगस्त के बाद लिया जाएगा।
राज्य और केंद्र सरकार द्वारा फिर से खोलने के लिए जारी सभी एसओपी का पालन करते हुए स्कूल फिर से खुलेंगे। कक्षाओं में और स्कूल परिसर के बाहर सामाजिक दूरी बनाए रखना, सभी छात्रों, शिक्षकों और गैर-शिक्षण कर्मचारियों के लिए फेस मास्क और सैनिटाइटर का उपयोग अनिवार्य है। राज्य सरकार ने कक्षा 9 से 11 के लिए 26 जुलाई से पहले ही स्कूल खोल दिए थे।सरकार ने कोरोना वायरस से संबंधित सभी दिशानिर्देशों के साथ कक्षाओं को 50 फीसदी उपस्थिति के साथ संचालित करने को कहा था।


Download Android App
Download iOS App



