पश्चिम बंगाल में पारा शिक्षकों के एक वर्ग द्वारा वेतन वृद्धि की मांग को लेकर टोली नाला में किए जा रहे विरोध प्रदर्शन के एक दिन बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि अलीपुर सुधार गृह के पास नहर के दूसरे किनारे पर सात पुलिस पिकेट स्थापित किए गए हैं। बनर्जी के आवास के पास नहर में गश्त करने के लिए कोलकाता पुलिस आपदा प्रबंधन की दो नौकाएं भी तैनात की गई हैं। अधिकारी ने कहा कि कालीघाट में बनर्जी के आवास के बाहर अतिरिक्त पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री आवास के आसपास नियमित रूप से तैनात पुलिसकर्मियों की संख्या भी बढ़ा दी गई है। अधिकारी ने पीटीआई-भाषा से कहा,‘‘मंगलवार को सुरक्षा में चूक हुई। वह घटना नहीं होनी चाहिए थी। हमने मुख्यमंत्री के घर के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी है। हम कोई चूक नहीं कर सकते।” कोलकाता पुलिस के सूत्रों ने बताया कि इस घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई।
पांच पारा शिक्षक मंगलवार को ढीली सुरक्षा व्यवस्था में घुस गए थे और वेतन वृद्धि की मांग को लेकर दबाव बनाने के लिए बनर्जी के आवास के पास 100 मीटर की दूरी पर टोली नाला के पानी में कूद गए थे। सात लोगों को गिरफ्तार किया गया लेकिन बाद में रिहा कर दिया गया। संविदा शिक्षक तत्काल वेतन वृद्धि की मांग को लेकर 70 दिन से अधिक समय से महानगर में धरना दे रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App



