सुशांत मामले में बोले शरद पवार-मुझे मुंबई पुलिस पर पूरा भरोसा, CBI जांच का नहीं करूंगा विरोध

Summary :

एनसीपी प्रमुख शरद पवार ने बुधवार को बोलते हुए कहा कि मैंने पिछले 50 वर्षों से महाराष्ट्र और मुंबई पुलिस को देखा है और मुझे उन पर भरोसा है।

बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत की गुत्थी सुलझने का नाम नहीं ले रही। इस मामले में मुंबई पुलिस पर उठ रहे सवालों पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) प्रमुख शरद पवार ने कहा कि मुझे मुंबई पुलिस पर पूरा भरोसा है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि अगर किसी को लगता है कि इस मामले में सीबीआई को जांच करनी चाहिए तो मैं इसका विरोध नहीं करूंगा।
एनसीपी प्रमुख ने बुधवार को बोलते हुए कहा कि मैंने पिछले 50 वर्षों से महाराष्ट्र और मुंबई पुलिस को देखा है और मुझे उन पर भरोसा है। मैं इस पर टिप्पणी नहीं करना चाहता कि दूसरों ने उन पर क्या आरोप लगाए हैं। अगर किसी को लगता है कि सीबीआई या किसी अन्य एजेंसी को मामले की जांच करनी चाहिए तो मैं इसका विरोध नहीं करूंगा।

NCP नेता माजिद मेमन का ट्वीट, सुशांत अपने जीवनकाल में उतने प्रसिद्ध नहीं थे, जितने मरने के बाद

उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि एक व्यक्ति आत्महत्या करके मर गया, लेकिन इसकी इतनी चर्चा क्यों हो रही है? मुझे नहीं लगता कि यह इतना बड़ा मुद्दा है। एक किसान ने मुझे बताया कि 20 से अधिक किसान आत्महत्या करके मर चुके हैं, लेकिन किसी ने इस बारे में बात नहीं की।
शरद पवार से पहले एनसीपी नेता माजिद मेमन ने भी सुशांत केस में मीडिया की ओर से उठाए जा रहे इस सवालों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सुशांत अपने जीवनकाल के दौरान उतने प्रसिद्ध नहीं थे, जितने कि अपनी मौत के बाद हो गए। मीडिया प्रधानमंत्री और अमेरिकी राष्ट्रपति से कहीं ज्यादा सुशांत को तवज्जों दे रहे हैं।
सुशांत की मौत के मामले में सीबीआई से जांच कराने की पार्थ पवार की हालिया मांग पर उनके दादा एवं राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष शरद पवार ने कहा है कि वह इस मांग को तनिक भी महत्व नहीं देते हैं। इसके साथ ही पवार ने अपने भतीजे के बेटे के बारे में कहा कि वह अभी अपरिपक्व हैं। 

Desk Team