BJP में जानें की अटकलों के बीच शाह से मुलाकात पर बोलीं शताब्दी-गृह मंत्री से मिलने में दिक्कत क्या?

Summary :

शताब्दी ने कहा, टीएमसी में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। मेरी तरफ से किया गया फेसबुक पोस्ट सही है। अगर मैं दिल्ली जा रही हूं तो इसका मतलब ये नहीं है कि मैं बीजेपी ज्वाइन कर रही हूं। मैं एक सांसद हूं और दिल्ली जा सकती हूं।

पश्चिम बंगाल की सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस में एक बार फिर बगावती सुर जोर पकड़ने लगे हैं। बीरभूम से टीएमसी सांसद एवं अभिनेत्री शताब्दी रॉय ने सोशल मीडिया के जरिए पार्टी से नाराजगी जाहिर की है। उनके बीजेपी में जाने की अटकलों के बीच ऐसा कहा जा रहा है कि वह शनिवार को दिल्ली जा सकती हैं, जहां केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात करेंगी।
इस पर शताब्दी ने कहा है कि वो बतौर सांसद किसी से भी मिल सकती हैं, ऐसे में इसमें समस्या क्या है? उन्होंने कहा, टीएमसी में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। मेरी तरफ से किया गया फेसबुक पोस्ट सही है। अगर मैं दिल्ली जा रही हूं तो इसका मतलब ये नहीं है कि मैं बीजेपी ज्वाइन कर रही हूं। मैं एक सांसद हूं और दिल्ली जा सकती हूं।
सोशल मीडिया प्लेटफार्म फेसबुक के जरिए शताब्दी रॉय ने टीएमसी के खिलाफ अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए लिखा, ‘मुझसे लोग पूछ रहे हैं कि मैं पार्टी के विभिन्न कार्यक्रमों में क्यों नहीं दिख रही हूं। मुझे अपने लोगों के साथ रहना पसंद है। लेकिन कुछ ऐसे भी हैं जो नहीं चाहते कि मैं आप सबके साथ रहूं। अक्सर मुझे कार्यक्रमों के बारे में सूचित नही किया जाता है, मैं क्या कर सकती हूं?’
पोस्ट में उन्होंने लिखा, मैं इससे काफी दुखी हूं। इसलिए मैं इस नए साल में एक ऐसा फैसला लेना चाहती हूं जो मुझे लोगों के साथ पूरी तरह जुड़ने में मदद करेगा। पिछले दस सालों में मैंने अपने घर से अधिक समय आपके या आपका प्रतिनिधित्व करने में बिताया है, काम करने की पूरी कोशिश करते हुए, दुश्मन भी इसे स्वीकार करते हैं तो इस नए साल में निर्णय लेने की कोशिश कर रही हूं ताकि मैं पूरी तरह से आपके साथ रह सकूं।
शताब्दी रॉय ने आगे लिखा है, ‘’मैं आप सभी की आभारी हूं। 2009 से आपने मुझे समर्थन देकर लोकसभा में भेजा है। उम्मीद है भविष्य में भी आपका प्यार मिलेगा। बहुत दिनों बाद बंगाल की जनता ने मुझे शताब्दी रॉय के रूप में प्यार किया है। मैं भी अपना फर्ज निभाने की कोशिश करूंगी। अगर मैं कोई निर्णय लेती हूं तो शनिवार 16 जनवरी 2021 दोपहर 2 बजे तक सूचित करूंगी।’’

Desk Team