मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को कहा कि पश्चिम बंगाल में होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा ‘‘शानदार’’ जीत हासिल करेगी और सत्ता में आएगी, क्योंकि वहां के लोग अब ममता बनर्जी के ‘‘कुशासन’’ के खिलाफ खड़े हो रहे हैं। चौहान ने यह भी कहा कि वह रविवार को पश्चिम बंगाल में होने वाली परिवर्तन यात्रा में शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री चौहान ने पत्रकारों से कहा, ‘‘ मैं आज रात कोलकाता पहुंचूंगा और कल वहां परिवर्तन रैली में हिस्सा लूंगा। मैं वहां तीन सार्वजनिक सभाओं को भी संबोधित करुंगा।’’ गौरतलब है कि चुनाव आयोग ने 27 मार्च से 29 अप्रैल तक पश्चिम बंगाल में आठ चरणों में मतदान कराने की घोषणा की है। उन्होंने कहा, ‘‘ पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है, वहां भाजपा की लहर चल रही है, इससे ममता दीदी भयभीत और उग्र हैं।’’
चौहान ने कहा, ‘‘इसलिए परिवर्तन रैलियों पर हमले किये जा रहे हैं और भाजपा के कार्यकर्ता मारे गये हैं। लेकिन उनका बलिदान व्यर्थ नहीं जायेगा। पश्चिम बंगाल में लोग ममता दीदी के कुशासन के खिलाफ हो गये हैं।’’ उन्होंने कहा कि भाजपा पश्चिम बंगाल में शानदार सफलता हासिल करने जा रही है और चुनाव के बाद वहां भाजपा की सरकार बनेगी।


Download Android App
Download iOS App



