सिद्दारमैया बोले- आगामी कर्नाटक विधानसभा चुनाव मेरी आखिरी लड़ाई

Summary :

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सिद्दारमैया ने मंगलवार को फिर यह बात दोहराई कि आगामी विधानसभा चुनाव उनकी आखिरी चुनावी लड़ाई होगी, लेकिन वह कर्नाटक की राजनीति में सक्रिय रहेंगे।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सिद्दारमैया ने मंगलवार को फिर यह बात दोहराई कि आगामी विधानसभा चुनाव उनकी आखिरी चुनावी लड़ाई होगी, लेकिन वह कर्नाटक की राजनीति में सक्रिय रहेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री ने इस बार कोलार से चुनाव लड़ने के फैसले की पिछले महीने घोषणा की थी, जिसे अब तक कांग्रेस आलाकमान से मंजूरी नहीं मिली है।
हालांकि, उन्होंने कहा कि पार्टी जिस भी क्षेत्र से उनसे चुनाव लड़ने को कहेगी, चाहे वह बादामी से हो या वरुणा से, वह चुनावी मैदान में उतरने के लिए तैयार हैं। उन्होंने मंगलवार को बड़ी संख्या में बादामी से आए अपने समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इन लोगों ने सिद्दारमैया से अपने मौजूदा निर्वाचन क्षेत्र से एक बार फिर चुनाव लड़ने का आग्रह किया।
सिद्दारमैया ने कहा, ‘‘आपको मेरी मुश्किल भी समझनी होगी, मैं अभी 76 साल का हूं और यह मेरा आखिरी चुनाव होगा, मैं दोबारा चुनाव नहीं लड़ूंगा। मैं राजनीति में रहूंगा, लेकिन चुनाव नहीं लड़ूंगा, यह मेरा आखिरी चुनाव है।’’ कर्नाटक विधानसभा में विपक्ष के नेता ने कहा, ‘‘मैंने बेंगलुरू के निकट एक निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ने के बारे में सोचा है। इसके बावजूद आलाकमान जहां से कहेगा, मैं वहीं से चुनाव लड़ूंगा।’’

Desk Team