भगवानपुर : भगवानपुर क्षेत्र के एक पब्लिक स्कूल की छात्रों से भरी बस को एक सिरफिरे ने हाईजैक कर लिया। विरोध करने पर चालक को बस से बाहर फेंक दिया। आरोपित बस को लेकर स्कूल में घुस गया और प्रधानाचार्य पर चाकू से हमला किया। असफल होने पर स्कूल की छत पर चढ़कर उत्पात मचाया। पुलिस ने किसी तरह से उसपर काबू पाया। दरअसल, भगवानपुर के शेरपुर गांव में ग्राफिक पब्लिक स्कूल है।
इसमें उप्र के कई गांव के छात्र पढ़ने आते हैं। शनिवार को स्कूल की बस करीब 40 छात्रों को लेकर ग्राम गडोला, थाना गागलहेडी, जिला सहारनपुर, उप्र से होते हुए स्कूल आ रही थी। गडोला गांव के पास एक व्यक्ति ने बस को रुकवा लिया। बस के रुकते ही आरोपित ने चालक को पीटकर बस से बाहर फेंक दिया। इसके बाद बस को उसने तेज गति से दौड़ा दिया। इस दौरान बस में मौजूद स्कूली छात्र चीखते चिल्लाते रहे लेकिन उसने कोई ध्यान नहीं दिया।
आरोपित बस को लेकर स्कूल में घुस गया। यहां कोई कुछ समझ पाता आरोपित ने स्कूल के प्रधानाचार्य पर चाकू तान दिया और इसके बाद स्कूल की छत पर चढ़ गया। मामले की सूचना स्कूल प्रबंधन ने पुलिस को दी। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी संजीव थपलियाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्कूल की छत पर चढ़े सिरफिरे पर काबू पाया। पूछताछ में उसकी पहचान संदीप कुमार निवासी ग्राम आभा थाना गागलहेड़ी, जिला सहारनपुर उप्र बताया।


Download Android App
Download iOS App



