रायपुर : छत्तीसगढ़ के छह प्रमुख शहरों में वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए पटाखों पर दो महीने के लिए प्रतिबंध लगा दिया गया है। छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण बोर्ड के प्रवक्ता प्रकाश सावंत ने बताया कि इस साल एक दिसंबर और अगले साल 31 जनवरी के बीच रायपुर, बिलासपुर, भिलाई, दुर्ग, रायगढ़ और कोरबा में प्रतिबंध लगाया गया है।
उन्होंने बताया कि क्रिसमस और नव वर्ष पर उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के अनुसार रात 11 बजकर 55 मिनट से साढ़े 12 बजे तक पटाखे जलाने की अनुमति होगी। सावंत ने बताया कि राज्य सरकार ने 2017 में वायु (प्रदूषण निरोधक एवं नियंत्रण) कानून की धारा 19(5) के तहत दो महीनों के लिए छह शहरों में पटाखों पर प्रतिबंध लगाने का फैसला किया था।
इस कदम के सकारात्मक नतीजे निकले थे। उन्होंने बताया कि रायपुर में सभी रॉलिंग मिलों में ऑनलाइन कंटीन्यूअस स्टैक एमीशन मॉनिटरिंग सिस्टम्स लगाए गए हैं। उन्होंने बताया कि इसके अलावा रायपुर के विभिन्न हिस्सों में व्यापक वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्र संचालन में हैं जो वायु प्रदूषण नियंत्रित करने में मदद कर रहे हैं। सावंत ने बताया कि इन कदमों से रायपुर में वायु गुणवत्ता ‘‘अच्छी’’ श्रेणी में दर्ज की गई।
पूरे रायपुर को ग्रिड में बांटकर मॉनीटरिंग की जा रही है, जिसके फलस्वरूप रायपुर का प्रदूषण का स्तर ‘गुड’ की श्रेणी में आ गया है. दीपावली पर भी प्रदूषण के स्तर में 22 प्रतिशत की कमी आई थी.


Download Android App
Download iOS App



