अगस्ता में सोनिया का नाम हुआ उजागर : रावत

Summary :

अगस्ता हेलीकॉप्टर सौदे में 125 करोड़ रूपये का घोटाला सामने आया है जिसमें उनकी अध्यक्ष सोनिया गांधी का नाम प्रमुखता से उजागर हुआ है ।

देहरादून : उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि पूर्ववर्ती संप्रग सरकार के कार्यकाल में हुए वीवीआईपी अगस्ता हेलीकॉप्टर सौदे में 125 करोड़ रूपये का घोटाला सामने आया है जिसमें उनकी अध्यक्ष सोनिया गांधी का नाम प्रमुखता से उजागर हुआ है । यहां एक संवाददाता सम्मेलन में रावत ने बताया कि अभी तक की अदालती कार्यवाही के दौरान खुलासा हुआ है कि तत्कालीन संप्रग सरकार की नेता तथा कई अन्य प्रमुख लोग इस घोटाले में शामिल थे।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘कोड वर्ड साफ इशारा करते हैं कि तत्कालीन कांग्रेस अध्यक्ष इसमें शामिल थीं ।’ उन्होंने कहा कि इन कोड वर्डस में इस्तेमाल हुए ‘सन ऑफ इटालियन लेडी’ तथा ‘आर’ जैसे शब्द एक तरफ ही इशारा कर रहे हैं । रावत ने यह भी आरोप लगाया कि इटली में चल रही अदालती कार्यवाही में भी संप्रग सरकार ने महत्वपूर्ण दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराये और तथ्यों को छुपाने का प्रयास किया।

उन्होंने कहा कि इस घोटाले से यह भी पता चलता है कि कांग्रेस नीत संप्रग सरकार के समय दलालों का बोलबाला था। उन्होंने कहा, ‘‘दलाली और कालाधन महत्वपूर्ण रक्षा सौदों में खुलकर चला । अगर कोई फाइल सरकती थी तो उसकी एक कॉपी क्रिश्चियन मिशेल को भी पहुंचा दी जाती थी। कांग्रेस का इतिहास घोटालों का रहा है और संप्रग-एक और संप्रग-दो में इसे खुलकर दोहराया गया।’ मुख्यमंत्री ने कहा कि अगस्ता घोटाले के खुलासे से यह भी साफ हो जाता है कि कांग्रेस क्यों राफेल मुद्दे पर शोर मचा रही थी ।

Desk Team