Stampede at Pune Shivneri Fort: छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती पर गुरुवार को महाराष्ट्र के पुणे में शिवनेरी किले के अंदर रेलिंग टूटने से कई लोग जख्मी हो गए। घायलों में महिलाएं और बच्चे बताए जा रहे हैं। इस घटना के कारण किले में भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। हालांकि, पुलिस प्रशासन ने तत्काल कदम उठाते हुए हालातों को संभाल लिया।
Shivaji Jayanti Celebration: भारी भीड़ की वजह से अंदर आने-जाने के रास्ते जाम
जानकारी के अनुसार, शिवाजी महाराज की जयंती के अवसर पर पुणे जिले के शिवनेरी किले में गुरुवार को बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। बुधवार रात से ही किले में लोगों का आना शुरू हो चुका था। इनमें पारंपरिक शिव ज्योत लेकर आने वाले लोग और अलग-अलग संगठनों के सदस्य शामिल हैं। इस भारी भीड़ की वजह से परिसर के अंदर आने-जाने की जरूरी जगहें लगभग बंद हो चुकी थीं।
किले की रेलिंग टूट गई

भीड़ के भारी दबाव के कारण किले के अंदर एक रेलिंग टूट गई। इससे वहां अफरातफरी का माहौल बन गया। बाहर निकलने की बेचैनी में कुछ लोग दूसरों की मदद से ऊपर चढ़ने लगे थे। बताया गया कि अंबरखाना के नीचे स्थित हाथी दरवाजा क्षेत्र और गणेश दरवाजा जैसे संकरे रास्ते भी भीड़ के कारण लगभग बंद हो गए। लोगों के आगे बढ़ने से धक्का-मुक्की शुरू हो गई और कुछ लोग अफरातफरी के बीच नीचे गिर गए।
Shivneri Fort Stampede: 3-4 लोगों के घायल होने की पुष्टि

पुणे के एसपी संदीप गिल ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि तीन से चार लोग सामान्य रूप से घायल हुए हैं। कोई गंभीर रूप से घायल नहीं है। उन्होंने बताया कि फिलहाल हालात बिल्कुल सामान्य हैं। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि लोग अफवाहों से दूर रहें और प्रशासन को सहयोग करें। मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने लोगों की मदद की और घायलों को बाहर निकालकर उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
यह भी पढ़ें: लाल किले के पास संदिग्ध कार से पकड़ा गया फर्जी NIA अधिकारी, कश्मीर नंबर की गाड़ी, क्या था मुदस्सिर का प्लान?


Download Android App
Download iOS App




