कर्नाटक में CRPF जवान के साथ की गई बदसलूकी मामले में सब इंस्पेक्टर निलंबित

Summary :

लॉकडाउन के नियमों का उल्लंघन करते हुए कोबरा कमांडो सचिन सावंत अपने दोस्तों के साथ बिना मास्क पहने सार्वजनिक स्थान पर बैठा था, जिस पर गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों ने आपत्ति जतायी थी।

कर्नाटक के बेलगावी जिले में एक CRPF जवान के साथ की बदसलूकी मामले में गुरुवार को एक सब इंस्पेक्टर को निलंबित किया गया है। अर्द्धसैनिक बल के अधिकारियों द्वारा राज्य पुलिस प्रमुख के समक्ष मुद्दा उठाए जाने के बाद सब इंस्पेक्टर किए खिलाफ यह एक्शन लिया गया है। 
पुलिस ने गुरुवार को कहा कि सदालगा पुलिस थाने से संबद्ध अनिल कुमार को सांबा गांव में कोबरा कमांडो सचिन सावंत से जुड़े मामले में निलंबित किया गया है। पुलिस के मुताबिक, सीआरपीएफ जवान को 23 अप्रैल को कथित तौर पर पुलिसकर्मियों से मारपीट करने के मामले में गिरफ्तार किया गया था। 
आरोप है कि लॉकडाउन के नियमों का उल्लंघन करते हुए सावंत अपने दोस्तों के साथ बिना मास्क पहने सार्वजनिक स्थान पर बैठा था, जिस पर गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों ने आपत्ति जतायी थी। इसके बाद सामने आए एक वीडियो में दिखाया गया कि पुलिस कांस्टेबल कमांडो सचिन सावंत को पीट रहे हैं और उसे हथकड़ी पहनाकर नंगे पैर थाने ले गए। 

कर्नाटक : कलबुर्गी में लॉकडाउन के दौरान मस्जिद में नमाज अदा करने के आरोप में 14 लोग गिरफ्तार

इसके बाद सीआरपीएफ के अतिरिक्त महानिदेशक संजय अरोड़ा ने कर्नाटक के पुलिस महानिदेशक को पत्र लिखा था, जिसके बाद मामले में जांच के आदेश दिए गए थे।  इस घटना का एक वीडियो वायरल हो गया है जिससे विवाद पैदा हो गया है। 
वहीं सोशल मीडिया पर साझा की गई सूचना के मुताबिक, सावंत अपनी बाइक धो रहे थे तभी पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और लॉकडाउन के दौरान मास्क न पहनने की वजह से उनकी पिटाई शुरू कर दी। अपने कोबरा कमांडो के साथ की गई बदसलूकी का कड़ा संज्ञान लेते हुए, सीआरपीएफ ने कर्नाटक पुलिस को पत्र लिखकर मामले की जांच की मांग की है।

Desk Team