मध्य प्रदेश के दमोह जिले से अंधविश्वास के चलते बारिश में देवता को खुश करने के लिए नाबालिग लड़कियों को निर्वस्त्र कर घुमाए जाने का मामला सामने आया है। इतना ही नहीं आरोपियों ने इस घटना का वीडियो भी बनाया। मामला सामने आने के बाद 6 महिलाओं सहित 8 लोगों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया गया है।
दमोह के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि रविवार को दमोह जिला मुख्यालय से लगभग 50 किलोमीटर दूर जबेरा थाना क्षेत्र के बनिया गांव में नाबालिग लड़कियों को निर्वस्त्र घुमाने और घटना का वीडियो बनाने के आरोप में पुलिस ने 8 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक (एसपी) डी आर तेनिवार ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ ‘यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण’ (पॉक्सो) अधिनियम तथा भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं और किशोर न्याय अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। दमोह के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव कुमार सिंह ने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
पुलिस ने कहा कि बनिया गांव और आसपास के इलाके सूखे जैसी स्थिति का सामना कर रहे हैं और स्थानीय लोगों का मानना है कि यह अनुष्ठान बारिश के देवता को प्रसन्न करेगा और इलाके में बारिश होगी। अधिकारियों ने बताया कि घटना के सामने आने के बाद राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग (NCPCR) ने नोटिस भेजकर दस दिनों के अंदर दमोह जिला प्रशासन से मामले में रिपोर्ट मांगी है। उन्होंने बताया कि दमोह प्रशासन ने अभी तक नोटिस का जवाब नहीं दिया है।


Download Android App
Download iOS App



