तमिलनाडु : चेन्नई के IIT मद्रास में मिला गेस्ट लेक्चरर का जला हुआ शव, सुसाइड नोट भी बरामद

Summary :

चेन्नई के आईआईटी मद्रास कैंपस में एक गेस्ट लेक्चरर का जला हुआ शव मिला है। शुरुआती जांच से पता चलता है कि ये आत्महत्या का मामला हो सकता है, क्योंकि पुलिस को उसके कमरे से एक सुसाइड नोट मिला है।

चेन्नई के आईआईटी मद्रास कैंपस में एक गेस्ट लेक्चरर का जला हुआ शव मिला है। मृतक की पहचान 30 साल के उन्नीकृष्णन नायर के रूप में हुई है।.वो आईआईटी मद्रास में गेस्ट लेक्चरर के साथ रिसर्च स्कॉलर के रूप में काम करता था। शुरुआती जांच से पता चलता है कि ये आत्महत्या का मामला हो सकता है, क्योंकि पुलिस को उसके कमरे में उसकी एक किताब से एक सुसाइड नोट मिला है। धारा 174 सीआरपीसी के तहत मामला दर्ज किया गया है।
नायर केरल का रहने वाला था और उसके पिता इसरो के साथ काम करते थे। छात्रों को गुरुवार रात करीब आठ बजे कैंपस के अंदर हॉकी के मैदान के पास नायर का शव मिला। कोट्टूरपुरम थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए रोयापेट्टा सरकारी अस्पताल ले जाया गया। पुलिस का कहना है कि वो मामले में आगे की जांच के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं।
पीड़ित के चेहरे की त्वचा और कुछ अन्य हिस्से आंशिक रूप से जल गए है। पुलिस के अनुसार शव के पास कोई संदिग्ध सामग्री नहीं मिली है। इस बीच आईआईटी मद्रास ने गेस्ट लेक्चरर की मौत पर एक बयान जारी कर कहा है कि आईआईटी मद्रास कैंपस में कल (गुरुवार) एक दुर्भाग्यपूर्ण और दुखद घटना हुई। उन्होंने कहा कि गेस्ट लेक्चरर इसी साल अप्रैल महीने में संस्थान से जुड़ा था और वो कैंपस के बाहर रह रहा था। संस्थान ने आगे कहा कि हम स्तब्ध और गहरे दुखी हैं और दिवंगत आत्मा के परिवार, दोस्तों और सहयोगियों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करते हैं. पुलिस घटना की जांच कर रही है और संस्थान अधिकारियों के साथ पूरा सहयोग कर रहा है।

Desk Team