मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने शुक्रवार को तमिलनाडु में रह रहे श्रीलंकाई तमिल शरणार्थियों के लिए 317 करोड़ रुपये के कल्याणकारी पैकेज की घोषणा की, जिसमें घरों का पुनर्निर्माण भी शामिल है।
स्टालिन ने कहा कि श्रीलंकाई तमिल शरणार्थियों के कल्याण के लिए जल्द ही एक समिति का गठन किया जाएगा, जो नागरिकता और श्रीलंका लौटने वालों के लिए व्यवस्था करने जैसे मामलों के अलावा अन्य चीजों पर दीर्घकालिक समाधान की दिशा में काम करेगी।
विधानसभा में बयान देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 261.54 करोड़ रुपये शिविरों में रहने वालों के लिए घरों के पुनर्निर्माण व बुनियादी ढांचे में सुधार के लिए खर्च किए जाएंगे जबकि 12.25 करोड़ रुपये शिक्षा एवं नौकरी के अवसर सुनिश्चित करने के लिए और 43.61 करोड़ रुपये उनके जीवन स्तर में सुधार लाने के लिए खर्च किए जाएंगे।
इसके अलावा बाकी रकम भी शरणार्थियों को विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए खर्च की जाएगी। स्टालिन ने कहा कि वर्ष 1983 से अब तक 3,04,269 श्रीलंकाई तमिल तमिलनाडु पहुंचे हैं और उनमें से 18,944 परिवारों के 58,822 लोग 29 जिलों में स्थित 108 शिविरों में हैं जबकि 34,087 लोग पंजीकरण के बाद कहीं और रह रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App



