तेलंगाना के वित्तमंत्री हरीश राव कोविड-19 से संक्रमित पाए गए, ट्वीट कर दी जानकारी

Summary :

तेलंगाना के वित्तमंत्री हरीश राव के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। राव ने शनिवार को खुद यह जानकारी दी है।

हैदराबाद : तेलंगाना के वित्तमंत्री हरीश राव के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। राव ने शनिवार को खुद यह जानकारी दी है। राव ने शनिवार को ट्वीट किया,‘‘कोविड-19 के प्रारम्भिक लक्षण दिखने पर मैंने जांच करवायी, जिसमें संक्रमण की पुष्टि हुई है। मेरी तबियत ठीक है। मेरा निवेदन है कि आप में से जो भी लोग गत कुछ दिनों में मेरे संपर्क में आये हैं, कृपया पृथक-वास में रहें और अपनी जांच करवा लें।’’ 

हरीश राव मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव के भतीजे हैं। इससे पहले राज्य सरकार के दो और मंत्री कोविड-19 की चपेट में आ चुके हैं। फिलहाल वे उपचार के बाद संक्रमण मुक्त हो चुके हैं। 
वहीं, तेलंगाना में कोरोना वायरस संक्रमण के 2,511 नए मामले सामने आए हैं, जिसके बाद राज्य में शनिवार को संक्रमितों की कुल संख्या 1.38 लाख से अधिक हो गई। वहीं, 11 और लोगों की मौत के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 877 हो गई। 
एक सरकारी बुलेटिन में चार सिंतबर रात आठ बजे तक के आकंड़े जारी करते हुए शनिवार को बताया गया कि ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम (जीएचएमसी) क्षेत्र में सबसे ज्यादा 305 नए मामले सामने आए हैं। इसके बाद रंगारेड्डी में 184,नलगोंडा में 170 और करीमनगर में 150 नए मामले सामने आए हैं। बुलेटिन के अनुसार, अब तक कुल 1,04,603 लोग स्वस्थ हुए हैं और 32,915 लोगों का इलाज चल रहा है। 
राज्य में चार सितंबर को 62,132 नमूनों की जांच हुई। वहीं, अब तक कुल 16.67 लाख नमूनों की जांच हो चुकी है। राज्य में संक्रमण से मृत्य दर 0.63 फीसदी है, जबकि राष्ट्रीय स्तर पर यह 1.73 फीसदी है। वहीं, तेलंगाना में स्वस्थ होने की दर 75.5 फीसदी है। 

Ujjwal Jain