तेलंगाना : नागार्जुनसागर विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान जारी

Summary :

तेलंगाना में नागार्जुनसागर विधानसभा के लिए सत्तारूढ़ पार्टी टीआरएस के विधायक नोमुला नरसिम्हा के निधन के बाद उपचुनाव कराना आवश्यक हो गया था।

तेलंगाना में नागार्जुनसागर विधानसभा उपचुनाव के लिए आज सुबह से कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान की प्रक्रिया शुरू हो गई है। मतदान की प्रक्रिया सुबह 7 बजे से लेकर शाम के 7 बजे तक जारी रहेगी, जिसमें अंतिम घंटे कोविड रोगियों के लिए आरक्षित रखे गए हैं।
यहां निर्वाचन क्षेत्र में कुल 2,20,300 मतदाता हैं। यहां सत्तारूढ़ पार्टी टीआरएस के विधायक नोमुला नरसिम्हा के निधन के बाद उपचुनाव कराना आवश्यक हो गया था। अधिकारियों ने कहा कि नलगोंडा जिले में निर्वाचन क्षेत्र के 346 केंद्रों पर मतदान हो रहा है। 
इस दौरान कोविड-19 के सभी दिशा-निर्देशों का भली-भांति पालन हो रहा है। यहां चुनाव संबंधी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए 5,535 कर्मी तैनात किए गए हैं। यहां चुनाव अधिकारियों द्वारा 1,446 इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन की व्यवस्था की गई है। इस उपचुनाव में 41 उम्मीदवारों के राजनीतिक भविष्य का निर्धारण किया जाएगा। 
इस उपचुनाव में सत्तारूढ़ टीआरएस, बीजेपी और कांग्रेस तीनों एक-दूसरे के आमने-सामने हैं। टीआरएस ने मृतक विधायक के बेटे नोमुला भगत को मैदान में उतारा है, जबकि कांग्रेस ने पूर्व मंत्री के. जना रेड्डी और भाजपा ने पी रवि कुमार नाइक को मैदान में उतारा है।

Desk Team