गैंग्स ऑफ वासेपुर में गोली मारी थी, अब बीमार विनीत कुमार सिंह को पंकज त्रिपाठी ने भिजवाई दवाई

Summary :

देश के अलग- अलग हिस्सों से मेडिकल से जुड़ी समस्याओं की खबरें भी सामने आ रही हैं और ऐसी ही परेशानी का सामना अब एक्टर विनीत कुमार सिंह को करना पड़ा। विनीत ने अपनी परेशानी बताते हुए ट्विटर पर लिखा, मैं बनारस में हूं। बाजार में दवा नहीं मिल रही है। निजी लैब कोविड टेस्ट करने में पांच दिन से असमर्थ हैं। विनीत के इस ट्वीट पर कई लोगों ने मदद की पेशकश की। वहीं कुछ देर बाद विनीत ने एक और ट्वीट करते हुए इस बात की जानकारी दी कि उन तक मदद पहुंची है। विनीत ने ट्विटर पर लिखा, मदद करने के लिए धन्यवाद पंकज त्रिपाठी भाई।

एक बार फिर कोरोना का प्रकोप तेज़ी से देश में फैलता दिखाई दे रहा है। इस बार हालात और भी ज़्यादा मुश्किल होते नज़र आ रहे है। एंटेरटिनमेंट इंडस्ट्री से जुड़े कई सितारों के कोरोना पॉजिटिव होने की खबरे लगातार सामने आ रही है। वही दूसरी ओर देश के अलग- अलग हिस्सों से मेडिकल से जुड़ी समस्याओं की खबरें भी सामने आ रही हैं और ऐसी ही परेशानी का सामना अब एक्टर विनीत कुमार सिंह को करना पड़ा। 

विनीत ने अपनी परेशानी बताते हुए ट्विटर पर लिखा, ‘मैं बनारस में हूं। बाजार में दवा (FabiFlu) नहीं मिल रही है। निजी लैब कोविड टेस्ट करने में पांच दिन से असमर्थ हैं। बीमार को क्या दूं? आपके वादे या आपके अपार भीड़ वाली रैली की वीडियोज? जो आप लोग लगातार पोस्ट कर रहे हैं? धिक्कार है। स्वार्थ अंधा बना देता है। जागें, आम आदमी दम तोड़ रहा है।’

विनीत के इस ट्वीट पर कई लोगों ने मदद की पेशकश की। वहीं कुछ देर बाद विनीत ने एक और ट्वीट करते हुए इस बात की जानकारी दी कि उन तक मदद पहुंची है। विनीत ने ट्विटर पर लिखा, ‘जिन्हें संदेह है, उन्हें बताना चाहता हूं कि मेरे परिवार के सदस्य बीमारी हैं। कुछ मित्र बीमार हैं और मैं खुद बीमार हूं, दवा मिल गई है। मदद करने के लिए धन्यवाद पंकज त्रिपाठी भाई। मेरे किरदार को सुल्तान ने वासेपुर में गोली मारी थी, लेकिन असल जीवन में गोली (दवा) भिजवाई है।’

आपको बता दें कि पंकज त्रिपाठी और विनीत सिंह अनुराग कश्यप की फिल्म गैंग्स ऑफ़ वासेपुर में साथ काम कर चुके हैं। गैंग्स ऑफ वासेपुर में विनीत के किरदार का नाम दानिश था, जो फैजल यानी नवाज़उद्दीन सिद्दीक़ी का बड़ा भाई होता है। वहीं फिल्म में पंकज त्रिपाठी ने सुल्तान का किरदार निभाया था जो दानिश को गोली मारता है। वही विनीत के वर्कफ्रंट की बात करे तो एक्टर की आख़िरी फ़िल्म आधार है, जो इसी साल रिलीज़ होने वाली थी। इससे पहले वो गुंजन सक्सेना- द कारगिल गर्ल में नज़र आये थे।

Desk Team