उत्तरकाशी : किशोरी की हत्या के बाद उत्तरकाशी में दूसरे दिन भी तनाव बरकरार है। आईजी संजय गुंज्याल उत्तरकाशी पहुंच गए हैं। सुबह पांच बजे से ही लोग सड़कों पर उतर आए हैं और धरने पर बैठ गए। तनाव को देखते हुए हर्षिल से सेना के करीब दो सौ जवान भी बुलाए गए हैं, लेकिन अभी सेना को रिजर्व में रखा गया है। पुलिस की जांच में अभी तक मजदूरों ने कत्ल की बात नहीं स्वीकारी है, अब पुलिस ने स्थानीय युवकों पर शक जताया है। बताया जा रहा है कि घटना के बाद से एक स्थानीय युवक भी गायब चल रहा है।
बता दें कि डुंडा तहसील के एक गांव में 12 वर्षीय किशोरी रोज की तरह अपने माता-पिता के साथ बरामदे में सोई हुई थी। दरिंदों ने वहीं से उसे अगवा किया। रात करीब तीन बजे मां की नींद खुली तो किशोरी बिस्तर पर नहीं मिली। इस पर उन्होंने खोजबीन शुरू की। शनिवार सुबह लगभग साढ़े छह बजे गांव के निकट मोटर पुल पर उसका शव बरामद हुआ।
सूचना पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। इससे पहले काफी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए थे। उन्होंने घटना के विरोध स्वरूप हंगामा शुरू कर दिया। उन्होंने शव नहीं उठाने दिया।


Download Android App
Download iOS App



