नई टिहरी : पहाड़ों में बढ़ती बलात्कार की घटनाओं पर सत्यमेव जयते, छात्रसंघ, जनप्रतिनिधियों व छात्र-छात्राओं ने बलात्कारियों व जीर्ण-शीर्ण हो चुकी कानून व्यवस्था का पुतला फूंककर कड़ा आक्रोश व्यक्त करते हुए आरोपियों को फांसी की सजा देने की मांग की। जिला मुख्यालय नई टिहरी में मुख्य चौराहे पर पुतला फूंकते हुए वक्ताओं ने कहा कि देवभूमि में भी अब आम जनमानस में भय व्याप्त है।
प्रदेश में आये दिन बलात्कार और युवतियों के साथ छेड़छाड़ के मामले सामने आ रहे हैं। प्रदेश में कानून व्यवस्था पटरी से पूरी तरह उतर चुकी है। राज्य में लगातार महिला अपराधों में बढोत्तरी हो रही है विशेषकर पहाड़ों में महिला अपराध बढ़ रहे हैं लेकिन पुलिस प्रशासन अपराध रोकने में विफल हो रहा है, वक्ताओं ने प्रदेश सरकार से एक स्वर में मांग की है कि उक्त मामले में आरोपी को तत्काल फांसी दी जाये एवं समस्त प्रदेश में कानून व्यवस्था चुस्त-दुरूस्त की जाये।
जिससे प्रदेश में आम जनमानस बेखौफ रहते हुए उन्हे अपराधियों से मुक्ति मिल सके, राज्य का माहौल स्वच्छ बन सके और मातायें बहिने सुरक्षित रह सकें। उन्होंने कहा कि बलात्कारियों को कठोर से कठोर सजा दी जाये जिससे भविष्य में ऐसी घटनाओं को अंजाम देने से अपराधी डरें। पुतला दहन करने वालों में मोहन सिंह रावत, प्रदीप चंद रमोला, प्रवीन रावत, दौलत रावत, प्रदीप रावत, हितेश चौहान, जयदीप रावत, आशुतोष सेमवाल, मीनाक्षी, अंबुज गुनसोला मौजूद थे।


Download Android App
Download iOS App



