वह दिन दूर नहीं जब कर्नाटक में कांग्रेस दोबारा सत्ता में आएगी: सिद्धरमैया

Summary :

कर्नाटक विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सिद्धरमैया ने कहा कि वह दिन दूर नहीं जब विधानसभा में सत्ता पक्ष की सीटों पर कांग्रेस का कब्जा होगा।

कर्नाटक विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सिद्धरमैया ने कहा कि वह दिन दूर नहीं जब विधानसभा में सत्ता पक्ष की सीटों पर कांग्रेस का कब्जा होगा। उन्होंने कहा कि पार्टी 2023 में अगले विधानसभा चुनाव के बाद सत्ता में वापस आएगी। पूर्व मुख्यमंत्री ने विभिन्न मोर्चों, खासतौर पर राज्य के वित्तीय मामलों को संभालने के मुद्दे पर सत्तारूढ़ भाजपा पर निशाना साधा। 
बजट पर चर्चा के दौरान, उन्होंने सवाल किया कि क्या कोई इसे अच्छा बजट कह सकता है, तो इसके बाद मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा ने हस्तक्षेप करते हुए पूछा कि यदि आप मेरी स्थिति में होते तो आप क्या करते? इस पर, सिद्धरमैया ने कहा कि अगर उन्हें मौका दिया जाता, तो उन्होंने कहा होता कि क्या करना है। उन्होंने कहा कि आप मेरे लिए सीट छोड़ दें, मैं कहूंगा (जो किया जाना चाहिए था)। लोग निश्चित रूप से अगली बार हमें (मौका) देंगे… वे सरकार को बदलेंगे। 
उन्होंने कहा, ‘‘वह दिन दूर नहीं जब हम आकर आपकी सीट पर बैठेंगे। हम सत्ता में वापस आएंगे।’’ सिद्धरमैया ने कहा कि सरकार जिस तरह से काम कर रही है, उसे देखते हुए लोग अगले विधानसभा चुनाव के दौरान शांत नहीं बैठेंगे। सिद्धरमैया को जवाब देते हुए, कानून और संसदीय मामलों के मंत्री बसवराज बोम्मई ने कोविड-19 महामारी के कारण घाटे वाले बजट की प्रस्तुति को सही ठहराने की कोशिश की।

Desk Team