झारखंड विधानसभा के शुक्रवार से शुरू हो रहे मानसून सत्र से पूर्व बृहस्पतिवार को विधानसभाध्यक्ष द्वारा बुलायी गई सर्वदलीय बैठक का मुख्य विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी ने बहिष्कार किया। साथ ही भाजपा ने सदन में हेमन्त सरकार की कथित जनविरोधी नीतियों का पुरजोर विरोध करने की घोषणा की।
भाजपा ने सर्वदलीय बैठक का यह कहते हुए बहिष्कार कर दिया कि बैठक में भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी को आमंत्रित नहीं किया गया। बाद में आज यहां प्रदेश कार्यालय पर हुई भाजपा विधायक दल की बैठक में पार्टी ने नियोजन नीति, नगर निकाय चुनाव नियमावली, बदहाल कानून व्यवस्था, नेता प्रतिपक्ष समेत सभी ज्वलंत एवं महत्वपूर्ण मुद्दों पर सरकार को घेरने की रणनीति तैयार की।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश की अध्यक्षता में हुई भाजपा विधायक दल की बैठक में विधानसभा के मानसून सत्र को लेकर विस्तार से चर्चा हुई जिसमें नियोजन नीति, नेता प्रतिपक्ष, महिला अत्याचार, नगर निगम, विधि व्यवस्था अपनी घोषणाओं से वादा खिलाफी समेत कई मुद्दों पर सरकार को घेरने की रणनीति तैयार की गई।
विधायक दल की बैठक के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए पार्टी के मुख्य सचेतक एवं विधायक बिरंची नारायण ने कहा कि मानसून सत्र में नियोजन नीति रद्द करने की मांग को पुरजोर तरीके से उठाया जाएगा। उन्होंने बताया कि भाजपा ने इस मामले से संबंधित एक समिति बनाई है। जिसका संयोजक भानु प्रताप शाही को बनाया गया है, जबकि समिति में नीलकंठ सिंह मुंडा, सीपी सिंह, अमर बाउरी, अनंत ओझा शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि यह समिति नियोजन नीति की खामियों को लेकर एक मसौदा तैयार करेगी और सदन के भीतर और सदन के बाहर संघर्ष करेगी।
इससे पूर्व भाजपा ने साफ किया कि विधानसभाध्यक्ष द्वारा आज बुलायी गयी सर्वदलीय बैठक में विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी को आमंत्रित नहीं किये जाने के कारण उसने बैठक का बहिष्कार किया।


Download Android App
Download iOS App



