मुंबई: महाराष्ट्र में शनिवार को कोविड-19 के 8,348 नये मामले सामने आने के बाद मामलों की कुल संख्या तीन लाख के पार पहुंच गई। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने यह जानकारी दी। विभाग ने एक बयान में बताया कि संक्रमण से 144 और मरीजों की मौत होने के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 11,596 पहुंच गई है। बयान के अनुसार राज्य में अब मामलों की कुल संख्या 3,00,937 हो गई है।
राज्य में आज कुल 5,306 मरीजों को स्वस्थ होने के बाद अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई जिससे ठीक हुए लोगों की संख्या अब 1,65,663 हो गई है। बयान में कहा गया है कि महाराष्ट्र में अभी 1,26,926 मरीजों का इलाज चल रहा है।
वहीं ,मुंबई के धारावी क्षेत्र में शनिवार को कोरोना वायरस के छह नये मामले सामने आये। बृहन्मुंबई महानगर पालिका के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एशिया के सबसे बड़े झुग्गी क्षेत्र धारावी में अब इस महामारी के मामलों की संख्या 2,444 हो गई है।
वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि धारावी में अभी कोविड-19 के केवल 107 मरीजों का इलाज चल रहा है। इस क्षेत्र में लगभग 6.5 लाख लोग रहते हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने धारावी में महामारी को नियंत्रित करने में नगर निकाय अधिकारियों की सफलता का हाल में जिक्र किया था।


Download Android App
Download iOS App



