बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने शहर के तीन बड़े कोविड-19 देखभाल केंद्रों में मानसून से पहले मरम्मत संबंधी कार्य की वजह से एक जून तक के लिए नए मरीजों की भर्ती बंद कर दी है। बीएमसी ने सोमवार को यह जानकारी दी। बीकेसी के कोविड-19 केंद्र के डीन डॉक्टर राजेश डेरे ने बताया कि इन केंद्रों में इलाज करा रहे ज्यादातर मरीजों को ताउते चक्रवात से पहले अन्य अस्पतालों में भेज दिया गया था।
ये केंद्र बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स, दहिसर और मुलुंड में स्थित है। उन्होंने कहा, ‘‘ एक जून तक के लिए इन तीन कोविड-19 केंद्रों में नए मरीजों की भर्ती रोक दी गई है।’’ डेरे ने बताया कि पिछले एक साल से यह अस्थायी ढांचा काम कर रहा है और ऐसे में मानसून मौसम से निपटने और अन्य जरूरी कार्यों के मद्देनजर यहां मरम्मत कार्य होना है। मुंबई में भायखला, वर्ली, बीकेसी, गोरेगांव, दहिसर और मुलुंड में कोविड-19 के छह केंद्र संचालित हो रहे हैं।
बीएमसी के एक अधिकारी ने बताया कि इसी बीच शहर के अधिकारियों ने महामारी की तीसरी लहर से निपटने की तैयारियां शुरू कर ली है और शहर में कुछ नए बड़े कोविड-19 बनाने की योजना है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार रविवार को मुंबई में कोविड-19 के 1,431 नए मामले सामने आए हैं और 49 लोगों की मौत हो गई। इसके साथ ही कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 6,97,810 हो गई और मृतकों की संख्या 14,623 पहुँच गई।


Download Android App
Download iOS App



