ऑल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) ने शुक्रवार को नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) तथा प्रस्तावित राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी) के खिलाफ महाराष्ट्र के औरंगाबाद में मार्च निकाला।
एआईएमआईएम नेता और लोकसभा सांसद इम्तियाज जलील ने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार के ये दो कदम भारत को ‘हिंदू राष्ट्र’ बनाने के मकसद से उठाये गये हैं और इनका पुरजोर विरोध किया जाएगा। यहां आजाद चौक से संभागीय आयुक्त कार्यालय तक मार्च निकाला गया।
सैकड़ों लोगों ने नारे लगाते हुए और हाथों में तख्तियां लेकर सीएए एवं एनआरसी का विरोध किया। जलील ने कहा, ‘‘इन प्रदर्शनों में लोग सीएए, एनआरसी तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं गृह मंत्री अमित शाह की निंदा कर रहे हैं। वे इन कदमों के खिलाफ नाराजगी दिखा रहे हैं।
सरकार चाहती है कि भारत में केवल हिंदू रहें। ऐसा नहीं होने दिया जाएगा। हम और देश केवल संविधान का पालन करेंगे।’’ एक अधिकारी के अनुसार एक प्रतिनिधिमंडल ने संभागीय आयुक्त सुनील केंद्रेकर को ज्ञापन सौंपा।


Download Android App
Download iOS App



