CM तीरथ सिंह रावत का दावा, कहा- अगले विधानसभा चुनाव में 60 से ज्यादा सीटें जीतेंगे

Summary :

उत्तराखंड के नवनियुक्त मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मदन कौशिक ने सोमवार को कहा कि भाजपा अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों में पहले से भी बेहतर प्रदर्शन करेगी।

उत्तराखंड के नवनियुक्त मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मदन कौशिक ने सोमवार को कहा कि भाजपा अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों में पहले से भी बेहतर प्रदर्शन करेगी। साथ ही 60 सीटें जीतकर सत्ता में शानदार तरीके से लौटेगी।
देहरादून में रैली निकालने के बाद दोनों नेता प्रदेश पार्टी मुख्यालय पहुंचे जहां पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री तीरथ सिंह ने कहा, ‘‘हम सभी को साथ लेकर आगे बढेंगे और आने वाले विधानसभा चुनावों में 60 से भी ज्यादा सीटें जीतेंगे।’’ 
आपको बता दें कि वर्ष 2017 में हुए विधानसभा चुनावों में भाजपा ने 70 में से 57 सीटें जीतकर प्रचंड बहुमत से अपनी सरकार बनाई थी। उत्तराखंड चारधाम देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वह इस विषय पर पहले पंडा समाज और तीर्थ पुरोहितों से बातचीत करेंगे और फिर जनता का हित देखते हुए ही कोई निर्णय लेंगे। 
पदभार ग्रहण करने के बाद नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष कौशिक ने भी कहा कि संगठन सरकार के साथ सामंजस्य स्थापित कर आगे बढ़ेगी और अगले विधानसभा चुनावों में 60 से अधिक सीटों पर जीत हासिल करेगी। रैली में एक खुली गाड़ी में निकले मुख्यमंत्री रावत ने ‘विजय’ चिन्ह बनाकर लोगों का अभिभावादन किया। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष कौशिक और कैबिनेट मंत्री व पूर्व अध्यक्ष बंशीधर भगत भी उनके साथ थे।

Desk Team