पश्चिम बंगाल सरकार ने आईपीएस अधिकारी ज्ञानवंत सिंह को सोमवार को नया सुरक्षा निदेशक नियुक्त किया। वह विवेक सहाय का स्थान लेंगे जिन्हें नंदीग्राम में हुए हादसे के बाद चुनाव आयोग ने पद से हटा दिया था। इस घटना में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी घायल हो गई थीं।
मुख्य सचिव अल्पन बंदोपाध्याय ने पुलिस महानिदेशक पी नीरजनयन के साथ बैठक की और अतिरिक्त सुरक्षा निदेशक सिंह को सुरक्षा निदेशक नियुक्त करने का निर्णय लिया। अधिकारी ने बताया कि इस फैसले से चुनाव आयोग को अवगत करवा दिया गया है। आयोग ने प्रशासन को सोमवार दोपहर एक बजे तक नया सुरक्षा निदेशक नियुक्त करने का निर्देश दिया था।
पूर्वी मेदिनीपुर जिले के नंदीग्राम क्षेत्र में चुनाव प्रचार के दौरान 10 मार्च को बनर्जी घायल हो गई थीं। आयोग ने सहाय को निलंबित करते हुए कहा था कि वह ‘‘बतौर सुरक्षा निदेशक जेड प्लस सुरक्षा प्राप्त व्यक्ति को सुरक्षा प्रदान करने की अपनी प्राथमिक जिम्मेदारी अदा कर पाने में विफल रहे हैं।’’


Download Android App
Download iOS App



