TMC विधायक तमोनाश घोष का कोरोना से निधन, CM ममता बनर्जी ने जताया दुख

Summary :

दक्षिण 24 परगना में फाल्टा विधानसभा क्षेत्र से तीन बार के विधायक को संक्रमित पाए जाने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

कोरोना वायरस से संक्रमित पश्चिम बंगाल के टीएमसी विधायक तमोनाश घोष का बुधवार को एक अस्तपाल में निधन हो गया। 60 वर्षीय तमोनाश घोष में मई के महीने में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई थी। वह पहले से ही हृदय और गुर्दे संबंधी कई परेशानियों से ग्रस्त थे। 
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री एवं तृणमूल प्रमुख ममता बनर्जी ने तमोनाश के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए ट्वीट किया, ‘‘ बेहद दुखद। फाल्टा से तीन बार के विधायक और 1998 से पार्टी के कोषाध्यक्ष तमोनाश आज हमें छोड़कर चले गए। 35 साल से हमारे साथ घोष लोगों और पार्टी के प्रति समर्पित थे। अपने सामाजिक कार्यों से उन्होंने बहुत योगदान दिया।’’ 


उन्होंने कहा, ‘‘उनकी कमी पूरी करना कठिन होगा। मैं हम सभी की ओर से उनकी पत्नी झरना, दोनों बेटियों, दोस्तों और प्रशंसकों के प्रति संवेदना व्यक्त करती हूं।’’ दक्षिण 24 परगना में फाल्टा विधानसभा क्षेत्र से तीन बार के विधायक को संक्रमित पाए जाने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था।  

Desk Team