तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) असम में जारी राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी) सूची के खिलाफ पश्चिम बंगाल में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन करेगी। पार्टी सूत्रों ने यह जानकारी दी। असम पश्चिम बंगाल का पड़ोसी राज्य है। यह फैसला सोमवार दोपहर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के आवास पर हुई आपात बैठक में लिया गया।
सूत्रों ने कहा कि एनआरसी और भाजपा की विभाजनकारी राजनीति के खिलाफ सात-आठ सितंबर को बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन करने का फैसला लिया गया है। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि 12 सितंबर को उत्तरी कोलकाता में चिड़िया मोड़ से श्याम बाजार के बीच रैली निकाली जाएगी।

इसमें तृणमूल कांग्रेस की सुप्रीमो ममता बनर्जी के शामिल होने की भी उम्मीद है। टीएमसी नेता ने कहा, बैठक के दौरान बनर्जी ने असम में एनआरसी की अंतिम सूची से बाहर रखे गए 19 लाख से अधिक लोगों के भविष्य को लेकर चिंता प्रकट की। उन्होंने पार्टी नेताओं से लोगों के बीच जाकर उन्हें भाजपा की भयावह चालबाजियों के बारे में बताने को कहा।
उन्होंने लोगों को यह भी बताने को कहा कि अगर भाजपा पश्चिम बंगाल में सत्ता में आई तो वह यहां भी एनआरसी लागू कर सकती है। असम के मूल निवासियों की पहचान करने से जुड़ी एनआरसी की अंतिम सूची शनिवार को जारी की गई थी, जिसमें 19 लाख लोगों के नाम नहीं थे।


Download Android App
Download iOS App



