झारखंड के धनबाद जिले में नेताजी सुभाष चंद्र बोस गोमो जंक्शन पर शुक्रवार की रात रेलवे लाइन पार कर रहे तीन लोगों की हावड़ा-नयी दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस की चपेट में आकर मौत हो गयी। रेलवे अधिकारियों ने यह जानकारी दी। रेलवे के अधिकारियों ने बताया कि गया-आसनसोल इएमयू से गोमो पहुंचे तीनों लोग रात करीब साढ़े आठ बजे रेलवे लाइन पार कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इसी दौरान मुख्य रेलवे लाइन पर राजधानी ट्रेन आ गयी जिसकी चपेट में आने से तीनों की मौके पर मौत हो गयी।
हादसे में तीनों के शव बुरी तरह क्षत विक्षत हो गये थे और उनकी पहचान स्थापित करने में बहुत कठिनाई आयी। रेलवे सुरक्षा बल :आरपीएफ: के निरीक्षक विजय शंकर ने बताया कि मृतकों की पहचान गोमो बाजार के बबलू कुमार (20 वर्ष), शिवचरण साव (20 वर्ष) एवं बरवड्डा के मनोज साव (19 वर्ष) के रूप में की गयी है। पुलिस ने तीनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज कर मामले की जांच प्रारंभ कर दी है।


Download Android App
Download iOS App



