कोलकाता : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जवाबी हमला करते हुए तृणमूल कॉंग्रेस ने आज आरोप लगाया कि वह पश्चिम बंगाल सरकार के खिलाफ ‘‘ गलत सूचना ’’ फैला रहे हैं। इसने यह आरोप भी लगाया कि भाजपा ‘‘ धार्मिक आतंकवाद फैलाने वाला ’’ सिंडीकेट चला रही है। मोदी द्वारा मिदनापुर रैली में ममता बनर्जी सरकार पर ताबड़तोड़ हमले किए जाने के तुरंत बाद तृणमूल कॉंग्रेस ने जवाबी हमला किया और भाजपा नेताओं को ‘‘आग से न खेलने’’ की चेतावनी दी। मोदी ने ममता बनर्जी सरकार पर हमला बोलते कहा कि वह ‘‘लोकतंत्र का गला घोंट रही है’’ और राज्य में ‘‘सिंडीकेट राज’’ चला रही है जिसकी अनुमति के बिना कुछ भी नहीं होता है।
तृणमूल कॉंग्रेस के महासचिव पार्थ चटर्जी और राज्यसभा में इसके नेता डेरेक ओ ब्रायन ने जवाबी हमले में एक संयुक्त बयान में आरोप लगाया कि यह भाजपा है जो ‘‘लोगों को पीट-पीटकर मारने’’ का ‘‘सिंडीकेट’’ चला रही है। बयान में कहा गया, ‘‘सिंडीकेट। भाजपा नेताओं से बेहतर सिंडीकेट के बारे में कौन जानता है? आपकी पार्टी एक सिंडीकेट है जो धार्मिक चरमपंथ फैलाती है। आपकी पार्टी कट्टरपंथ का सिंडीकेट है। आपकी पार्टी लोगों को पीट-पीटकर मारने वाला सिंडीकेट है।’’ इसमें कहा गया, ‘‘आपकी पार्टी एक यातना सिंडीकेट है। आपकी पार्टी एजेंसियों का सिंडीकेट है। आपकी पार्टी एक ऐसा सिंडीकेट है जिसने नोटबंदी पैदा की। आपकी पार्टी भ्रष्टाचार का सिंडीकेट है। इसलिए भाजपा नेताओं को आग से नहीं खेलना चाहिए।’’
तृणमूल कॉंग्रेस ने दावा किया कि भाजपा नेताओं का कोई विकास एजेंडा नहीं है। बयान में कहा गया, ‘‘हमें परेशान करने के लिए जितनी कोशिश आप कर सकते हैं, उतनी कोशिश करिए। हम भाजपा के किसी सिंडीकेट के सामने नहीं झुकेंगे। बंगाल सभी के लिए है। यह विश्व की सांस्कृतिक राजधानी है। भाजपा नेताओं के भाषणों ने साबित किया है कि उनका कोई विकास एजेंडा नहीं है।’’ बंगाल में किसानों की आत्महत्या के आरोपों को ‘‘पूरी तरह निराधार’’ बताते हुए बयान में एक संसदीय रिपोर्ट का हवाला दिया गया जिसमें देशभर में किसानों की आत्महत्या के मामलों में बंगाल का आंकड़ा शून्य था। तृणमूल कॉंग्रेस ने दावा किया कि मोदी की रैली में शामिल होने वाले ज्यादातर लोग झारखंड और ओडिशा जैसे राज्यों से थे और यहॉं तक कि पटना से आए वाहन भी दिखे।


Download Android App
Download iOS App



