पश्चिम बंगाल में चारों नगर निगमों के लिए हुए चुनावों में तृणमूल कांग्रेस सभी सीटों पर आगे बढ़ते हुए जीत की ओर है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने तृणमूल कांग्रेस के पक्ष में वोट देने के लिए लोगों का आभार जताते हुए कहा कि राज्य का प्रशासन आम लोगों के हित में काम करता रहेगा।
ममता बनर्जी ने ट्वीट करते हुए लिखा, यह एक बार फिर मां, मति, मानुष की जबरदस्त जीत है। आसनसोल, बिधाननगर, सिलीगुड़ी और चंदनगोर के लोगों को नगर निगम चुनावों में अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवारों पर अपना विश्वास रखने के लिए मेरी हार्दिक बधाई।
It is once again an overwhelming victory of Ma, Mati, Manush.
My heartiest congratulations to the people of Asansol, Bidhannagar, Siliguri & Chandanagore for having put their faith and confidence on All India Trinamool Congress candidates in the Municipal Corporation elections.— Mamata Banerjee (@MamataOfficial) February 14, 2022
राज्य निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के अनुसार, सुबह 11:00 बजे तक बिधाननगर में टीएमसी ने 41 सीटों में से 24 पर जीत दर्ज कर ली और 10 पर वह आगे चल रही है जबकि कांग्रेस ने एक वार्ड पर जीत दर्ज की है। सत्तारूढ़ पार्टी ने सिलीगुड़ी में 47 सीटों में से 10 पर जीत दर्ज की है, वह तीन वार्डों में आगे चल रही है तथा बीजेपी और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने दो-दो सीटें हासिल की हैं।
चंदननगर में टीएमसी ने 32 में से 12 सीटें जीत ली है और नौ सीटों पर वह आगे चल रही है जबकि माकपा ने एक वार्ड में जीत दर्ज की है। आयोग के आंकड़ों के अनुसार, टीएमसी ने आसनसोल में 106 सीटों में से 28 सीटों पर कब्जा जमाया है और सात वार्डों में वह आगे चल रही है। बीजेपी ने तीन वार्डों और माकपा ने दो वार्डो पर जीत हासिल की है।


Download Android App
Download iOS App



