जल्द ही त्रिपुरा में विधनसभा चुनाव होने वाले है। सभी पार्टियां चुनाव की तैयारियों में जुटी हुई है।बीजेपी ने अपनी कमर कस ली है। इसी बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सोमवार को त्रिपुरा में दो चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने यह जानकारी दी।
दक्षिण त्रिपुरा जिले के संतिर बाजार में दो रैलियां
आपको बता दें कि शाह रविवार रात 11.30 बजे एमबीबी हवाई अड्डे पहुंचेंगे और सोमवार को खोवाई जिले के खोवाई और दक्षिण त्रिपुरा जिले के संतिर बाजार में दो रैलियों को संबोधित करेंगे। इसके बाद, वह अगरतला में एक रोड शो में शामिल होंगे।भाजपा नेता ने बताया कि गृह मंत्री की रैलियों से जुड़ी तैयारियों का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री माणिक साहा ने युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष नबादल बनिक के साथ खोवाई और संतिर बाजार का दौरा किया।
रोड शो के मद्देनजर अगरतला में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
वहीं, रविवार को एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री के नेतृत्व में होने वाले रोड शो के मद्देनजर अगरतला में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।इससे पहले, शाह ने पांच जनवरी को त्रिपुरा का दौरा किया था, जहां उन्होंने उत्तर त्रिपुरा के धर्मनगर और दक्षिण त्रिपुरा के सबरूम में दो रथयात्राओं में हिस्सा लेकर विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी के अभियान की शुरूआत की थी।भाजपा के वरिष्ठ नेता के मुताबिक, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी पार्टी के चुनाव अभियान में हिस्सा लेने के लिए सात फरवरी को त्रिपुरा आने वाले हैं।
5 सीटें IPFT के लिए छोड़ी है
गौरतलब है कि त्रिपुरा की 60 सदस्यीय विधानसभा के लिए 16 फरवरी को मतदान होगा। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राज्य की 55 सीटों पर उम्मीदवार खड़े किए हैं, जबकि पांच सीटें सहयोगी इंडिजिनस पीपुल्स फ्रंट ऑफ त्रिपुरा (आईपीएफटी) के लिए छोड़ी हैं।त्रिपुरा में 2018 में हुए विधानसभा चुनावों में भाजपा को 36 सीटों पर जीत हासिल हुई थी, जबकि आईपीएफटी उम्मीदवार आठ सीटों पर विजयी रहे थे।


Download Android App
Download iOS App



