मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के वरिष्ठ नेता एवं त्रिपुरा प्रदेश सचिव गौतम दास का गुरुवार को कोलकाता के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वह 71 वर्ष के थे। उनके परिवार में उनकी पत्नी और इकलौती बेटी है। गौतम दास को इस महीने की शुरुआत में कोविड-19 संक्रमण और उम्र संबंधी शारीरिक दिक्कतों के कारण छह सितंबर को एयर एम्बुलेंस से कोलकाता लाया गया था।
उनका कोलकाता के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। बीती रात फिर उनकी तबीयत बिगड़ गई और आज सुबह 8:45 बजे उनकी मौत हो गई। दास ने पत्रकार के रूप में अपने करियर की शुरुआत की थी और 1979 में माकपा के मुखपत्र डेली देशेरकथा के संस्थापक संपादक नियुक्त किए गए।
उन्होंने 2015 में पार्टी के प्रदेश सचिव चुने जाने तक इस दायित्व का निर्वहन किया। वाम राजनीति में होने के बावजूद वह चुनावी राजनीति में अलग रहे। विपक्ष के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री माणिक सरकार, लोकसभा के पूर्व सदस्य जितेंद्र चौधरी और वाम मोर्चा के अध्यक्ष बिजन धर ने दास के निधन पर दुख व्यक्त किया।


Download Android App
Download iOS App



