तेलंगाना विधान परिषद चुनाव में वारंगल-खम्माम-नलगोंडा स्नातक सीट से सत्तारूढ़ टीआरएस के उम्मीदवार और मौजूदा एमएलसी पी राजेश्वर रेड्डी ने जीत दर्ज की है और इस सीट पर अपना कब्जा बरकरार रखा है। रेड्डी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी निर्दलीय उम्मीदवार टी मल्लान्ना को 12,806 मतों से शिकस्त दी है। निर्वाचन अधिकारी प्रशांत जे पाटिल ने उन्हें निर्वाचन का प्रमाणपत्र दिया।
रेड्डी की जीत के साथ ही तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) ने विधान परिषद की दोनों स्नातक सीटें जीत ली हैं। पूर्व प्रधानमंत्री पी वी नरसिंह राव की बेटी सुरभी वाणी देवी ने टीआरएस के टिकट पर महबूबनगर-रंगारेड्डी- हैदराबाद स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से शनिवार को जीत दर्ज की थी।
उन्होंने भाजपा के निवर्तमान विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) एन रामचंद्र राव को पराजित किया था। रेड्डी और देवी दोनों ने ही मतदाताओं का आभार जताया और कहा कि नतीजों ने साबित किया है कि लोग मुख्यमंत्री चंद्रशेखर राव के साथ हैं। इन दोनों सीटों के लिए मतदान 14 मार्च को हुआ था। दोनों सीटों पर 10 लाख से अधिक मतदाता हैं।


Download Android App
Download iOS App



