किन्नौर : हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में पिछले महीने हुये हिमस्खलन की घटना के बाद से लापता सेना के दो और जवानों के शव बृहस्पतिवार को बरामद किए गए। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। 20 फरवरी को भारत-चीन सीमा के पास शिपकी ला में 7 जम्मू-कश्मीर राइफल्स के नायक विदेश चंद, राइफलमैन अर्जुन कुमार और चार अन्य जवान हिमस्खलन की चपेट में आ गए थे।
घटना के 23 दिन बाद गुरुवार को चंद और कुमार के शव बरामद किए गए। अधिकारी ने बताया कि दोनों शवों को पूह ले जाया गया, जहां से उन्हें उनके पैतृक स्थानों पर भेजा जाएगा।
उन्होंने बताया कि चंद हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के खरगा गांव के निवासी थे, जबकि कुमार जम्मू-कश्मीर के निवासी थे। इससे पहले चार जवानों के शव बरामद किए गए थे। अधिकारी ने बताया कि मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद लगभग 400 कर्मियों और खाब गांव के कई निवासियों ने खोज और बचाव अभियान चलाया।


Download Android App
Download iOS App



