विकासनगर : उत्तराखंड के विकासनगर में बिहार के दो छात्र नहाते वक्त शक्ति नहर में डूब गए। पुलिस ने दोनों छात्रों की तलाश शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, कोतवाली अंतर्गत ढालीपुर पुल के पास शिवालिक इंजीनियरिग कॉलेज सिघनीवाला के दो छात्र शक्तिनहर में डूबकर लापता हो गए। मौके से बाइक समेत हेलमेट, चप्पल बरामद हुई है। पुलिस ने प्रथम दृष्टया जांच में सेल्फी लेने के चक्कर में छात्रों के नहर में डूबने की आशंका जताई है।
दोनों छात्र मूल रूप से बिहार के रहने वाले हैं और बीबीए व बीएससी प्रथम सेमेस्टर के छात्र हैं। जांच में सामने आया कि छात्रों के पास उनके दोस्त की बाइक थी जिसका लोकसभा चुनाव के दौरान चालान हो गया था। इसके चलते दोनों छात्र ढालीपुर स्थित एआरटीओ कार्यालय आए थे, वापस लौटते समय यह हादसा हुआ है। कोतवाली व जल पुलिस दोनों छात्रों को शक्तिनहर में तलाश रही है। विकासनगर कोतवाली पुलिस के अनुसार शिवालिक इंजीनियरिग कॉलेज सिघनीवाला में बीबीए प्रथम सेमेस्टर का छात्र कार्तिक सिंह 21 पुत्र कृष्णनेदू निवासी महाबली कोऑपरेटिव कॉलोनी रोड नंबर 6 पटना बिहार व बीएससी एग्रीकल्चर प्रथम सेमेस्टर का छात्र सुधांशु पांडे 20 पुत्र दयाशंकर पांडे मूल निवासी गांधी मैदान पटना बिहार एवेंजर बाइक से ढालीपुर स्थित एआरटीओ कार्यालय आए थे।
लोकसभा चुनाव के दौरान इनके दोस्त की बाइक का चालान हो गया था। इसी सिलसिले में दोनों यहां आए थे। वापस लौटते समय छात्रों ने बाइक ढालीपुर पुल पर खड़ी की और पुल के पास शक्तिनहर किनारे जा कर बैठ गए। जहां पर दोनों नहर में डूब गए। शुक्रवार करीब दोपहर साढ़े बारह बजे ढालीपुर के कुछ बच्चों ने दो युवकों को शक्तिनहर में डूबते देखा तो उन्होंने स्थानीय लोगों की इसकी जानकारी दी। इसके बाद लोगों ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर एसएसआइ नरोत्तम बिष्ट मय पुलिस बल मौके पर पहुंचे। नहर किनारे से पुलिस ने छात्रों का हेलमेट, बाइक की चाबी, एक चप्पल बरामद की।


Download Android App
Download iOS App



