मुंबई : महाराष्ट्र सरकार ने अपने अभियान ‘बिगिन अगेन’ के तहत मुंबई में मेट्रो ट्रेनों का संचालन 15 अक्टूबर से चरणबद्ध तरीके से करने की अनुमति देने का बुधवार को फैसला किया।
यहां जारी दिशानिर्देशों के अनुसार, सरकार ने इसके साथ ही बृहस्पतिवार से सभी सरकारी और निजी पुस्तकालयों को फिर से खोलने की भी अनुमति दी जिसके लिए कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन करना होगा। सरकार ने कल से निषिद्ध क्षेत्रों के बाहर उद्योग प्रदर्शनियों को भी इजाजत दी।
स्थानीय साप्ताहिक बाजारों को भी निषिद्ध क्षेत्रों के बाहर फिर से खोलने की इजाजत दी जाएगी। इसमें जानवरों के बाजार भी शामिल होंगे। भीड़ कम करने के उद्देश्य से बाजार और दुकानों को कल से रात नौ बजे तक दो अतिरिक्त घंटे खोलने की इजाजत होगी।
सरकार ने विभिन्न हवाईअड्डों पर आने वाले घरेलू यात्रियों के लिए कोविड-19 जांच के बाद अमिट स्याही से मुहर लगाना बंद करने का फैसला किया है। इसी तरह से रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों के स्वास्थ्य की जांच और उन पर मोहर लगाना भी बंद किया जाएगा।


Download Android App
Download iOS App



