उत्तराखंड में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव से पहले आप (आम आदमी पार्टी) ने निर्वाचन आयोग के निर्देश के अनुरूप अपने कुल छह आपराधिक पृष्ठभूमि वाले प्रत्याशियों की सूचना सार्वजनिक की है। अभी तक भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), कांग्रेस, उत्तराखण्ड क्रांति दल (उक्रांद), बहुजन समाज पार्टी (बसपा), समाजवादी पार्टी (सपा) या स्वतंत्र प्रत्याशियों ने अभी इस तरह की कोई घोषणा नहीं की है। ‘आप’ द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से जारी सूचना के अनुसार चमोली जनपद की थराली सीट से प्रत्याशी गुड्डू राम पर वर्ष 2021 से चल रहे मुकदमे की जानकारी देते हुए घाट आंदोलन में उनकी सक्रिय भूमिका को चयन की मुख्य वजह बताया है।
इन वजह से पार्टी ने दिया टिकट
‘आप’ ने देहरादून कैंट में रविंद्र सिंह आनंद पर 2017 में दर्ज केस की जानकारी भी उजागर की है। इसकी वजह यह बताई है कि वह कि किसान हैं और गरीब बेटियों की शादियां कराते हैं। जनता के बीच उन्हें अच्छा काम जारी रखने के लिए टिकट दिया गया है। पौड़ी सीट पर मनोहर लाल पहाड़ पर 2017 में केस दर्ज हुआ था। हालांकि यह केस आरपी एक्ट में दर्ज है। पौड़ी की कोटद्वार सीट से प्रत्याशी अरविंद कुमार पर आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत दर्ज मुकदमे की जानकारी देते हुए पार्टी का कहना है कि कोविड-19 महामारी में जनता के बीच काम करने के दौरान उन पर यह केस दर्ज हुआ है।
रामनगर और काशीपुर सीट के बारे में दी जानकारी
पार्टी द्वारा नैनीताल की रामनगर सीट पर प्रत्याशी शिशुपाल सिंह रावत पर दर्ज मुकदमें की जानकारी दी गई है जिसमें बताया गया है कि, इस पर स्टे है। उनके चयन की वजह यह बताई गई है कि वह स्कूल संचालित करते हैं जिसमें वंचित वर्ग के बच्चों को वह निशुल्क शिक्षा देते हैं। काशीपुर में दीपक बाली पर दर्ज मुकदमें की जानकारी देते हुए आप ने कहा है कि, वह शिक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व काम कर रहे हैं इस वजह से उन्हें चुना गया है। उनके मुकाबले में पार्टी को कोई प्रत्याशी नहीं मिला।


Download Android App
Download iOS App



