कर्नाटक में कोरोना से मृत लोगों के शवों के साथ बदसलूकी का Video वायरल, JDS ने की आलोचना

Summary :

कांग्रेस नेता डी के शिवकुमार ने ट्वीट में लिखा, “बेल्लारी में कोरोना मरीजों के शवों को ऐसी अमानवीयता से गड्ढे में फेंका जाना विचलित करने वाला है।”

सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में कोरोना संक्रमण से मरने वाले लोगों के शव को एक गड्ढे में फेंक-फेंक कर दफनाया जा रहा है। शवों के साथ बर्बरता के यह वीडियो कर्नाटक के बल्लारी जिले का है। घटना पर कांग्रेस और जेडीएस ने कर्नाटक की बीजेपी सरकार की आलोचना की है।
वीडियो में देखा जा सकता है कि किस तरह से एक-एक कर शवों को गड्ढे में फेंका जा रहा है। पीपीई सूट पहने कर्मचारी गड्ढे में शव डालते दिख रहे हैं। पास ही एक जेसीबी मशीन भी दिख रही है। इस घटना का वीडियो वायरल होते ही राजनीति प्रतिक्रिया सामने आने लगी है। बल्लारी जिले के कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार ने भी शेयर किया है और इस अमानवीय तरीके पर सवाल उठाए।
कांग्रेस नेता डी के शिवकुमार ने ट्वीट में लिखा, ‘‘बेल्लारी में कोरोना मरीजों के शवों को ऐसी अमानवीयता से गड्ढे में फेंका जाना विचलित करने वाला है। इससे पता चलता है कि सरकार कोरोना संकट को किस तरह संभाल रही है। मैं सरकार से तत्काल कार्रवाई करने का आग्रह करता हूं और यह सुनिश्चित करता हूं कि ऐसा दोबारा न हो।


वीडियो पर जेडीएस ने ट्वीट करते हुए लिखा, ”सावधान, यदि आपका या आपके परिवार का कोई सदस्य कोविड-19 से मर जाता है तो कर्नाटक की बीजेपी सरकार इस तरह शव को अन्य शवों के साथ एक गड्ढे में फेंक देती है।” राज्य सरकार से सवाल करते हुए जेडीएस ने लिखा कि क्या यही वैल मैनेजमेंट है, जिसकी हर दिन मीडिया में चर्चा की जाती है।


वहीं घटना पर मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने हैरानी जाहिर करते हुए कहा कि कोविड-19 पीड़ित लोगों के शवों के साथ स्वास्थ्यकर्मियों का ऐसा बर्ताव अमानवीय और दर्दनाक है। हालांकि, कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री बी. श्रीरामुलु ने कहा है कि जो स्वास्थ्यकर्मी इस घटना में शामिल थे, उन्हें सस्पेंड कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्यकर्मियों को ऐसा करते वक्त प्रोटोकॉल का पालन करना चाहिए।

Desk Team